Breaking News

यूपी विधानसभा मानसून सत्र शुरू, सीएम योगी का विपक्ष पर हमला; राम मंदिर मुद्दे पर घमासान के आसार

Bolta Sach News
|
UP assembly monsoon session

बोलता सच,लखनऊ : उत्तर प्रदेश विधानमंडल का मानसून सत्र सोमवार से शुरू हो गया। सत्र की शुरुआत से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि आज राम मंदिर के चढ़ावे को लेकर सवाल उठाने वाले वही लोग हैं, जिन्होंने पहले राम मंदिर निर्माण का विरोध किया था और रामभक्तों पर गोली चलाने का काम किया था।

मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा, “जो लोग जय श्रीराम के नारे पर लाठी और गोली चलवाते थे, वही आज अयोध्या के मुद्दे पर राजनीति कर रहे हैं। जिन्होंने अदालत में वकीलों की फौज खड़ी कर श्रीराम मंदिर निर्माण में बाधा डालने की कोशिश की, वे अब चंदे में कथित चोरी की बात कर रहे हैं। जिनकी जेब से राम मंदिर निर्माण के लिए एक रुपया भी नहीं निकला, उनका दोहरा चरित्र देश और दुनिया देख रही है।”

‘जनहित के मुद्दों पर होगी चर्चा’

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि मानसून सत्र गरीबों, किसानों, युवाओं और महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा का महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी जनप्रतिनिधि अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याएं सदन में रख सकते हैं और सरकार उनके समाधान के लिए पूरी गंभीरता से काम करेगी।

उन्होंने दावा किया कि केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार विकास कार्यों और जनकल्याण योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ा रही है।

पूरक बजट और राम मंदिर मुद्दे पर हो सकती है बहस

विधानमंडल के दूसरे दिन सरकार अनुपूरक बजट पेश कर सकती है। इसके साथ ही अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़े कथित अनियमितताओं के मुद्दे पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस होने की संभावना है। सरकार इस मामले में गठित विशेष जांच दल (SIT) और अब तक हुई कार्रवाई का ब्यौरा सदन में रख सकती है।

जौहर यूनिवर्सिटी का मुद्दा भी गरमा सकता है

समाजवादी पार्टी रामपुर स्थित जौहर यूनिवर्सिटी के भवनों को लेकर भी सरकार को घेरने की तैयारी में है। हालांकि प्रशासन की ओर से संबंधित कार्रवाई पर फिलहाल रोक लगाए जाने की बात सामने आई है, लेकिन सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव का आरोप है कि राज्य सरकार विश्वविद्यालय को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रही है।

मानसून सत्र के दौरान इन मुद्दों पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी राजनीतिक नोकझोंक देखने को मिल सकती है।



Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply

error: