Breaking News

कानपुर में फर्जी डिग्री गिरोह का भंडाफोड़, देश-विदेश तक फैला था नेटवर्क

Bolta Sach News
|
Fake degree racket in Kanpur
बोलता सच,कानपुर। शहर में फर्जी मार्कशीट और डिग्री तैयार कर देशभर में सप्लाई करने वाले एक बड़े गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। यह गिरोह केवल भारत ही नहीं, बल्कि कनाडा, ब्रिटेन और अन्य देशों तक फर्जी शैक्षणिक प्रमाणपत्रों की आपूर्ति करता था। जांच का दायरा कानपुर से लेकर नोएडा, हैदराबाद और ब्रिटेन तक पहुंच गया है।

पुलिस के अनुसार, यह संगठित गिरोह कूरियर के माध्यम से देशभर में फर्जी मार्कशीट और डिग्री भेजता था, जबकि विदेशों में इनकी पीडीएफ फाइल भेजकर वहां मौजूद साथी उन्हें विशेष कागज पर प्रिंट कर ग्राहकों को उपलब्ध कराते थे।

पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने बताया कि गिरोह का मुख्य सदस्य जियाउल हसन विभिन्न विश्वविद्यालयों और बोर्डों की हूबहू डिजाइन तैयार करता था। यह नेटवर्क अंतरराज्यीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय था। जांच में सामने आया है कि गिरोह के तार हैदराबाद, दिल्ली, नोएडा से लेकर कनाडा और लंदन तक जुड़े हुए थे। पूर्व में पकड़े गए मनीष, राघव और विनीत जैसे आरोपियों का संबंध भी इसी नेटवर्क से पाया गया है।

आरोपियों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि विदेशों में नौकरी पाने के लिए कौशल प्रमाणपत्र की मांग को देखते हुए यह धंधा शुरू किया गया था। गिरोह के सदस्य नकली वेबसाइट बनाकर सत्यापन की सुविधा भी उपलब्ध कराते थे, जिससे दस्तावेज असली प्रतीत हों।

जियाउल हसन ने बताया कि वह पहले भी विदेश यात्रा कर चुका है और वहीं से इस अवैध कारोबार का विस्तार किया गया। वह अब तक हजारों फर्जी डिग्रियां बेच चुका है और सऊदी अरब, कनाडा व ब्रिटेन में भी इनका उपयोग हो चुका है।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि वर्ष 2014 से इस नेटवर्क के जरिए फर्जी दस्तावेजों का लेन-देन चल रहा था। कूरियर कंपनियों के रिकॉर्ड से इसकी पुष्टि हुई है।

बेकनगंज क्षेत्र में छापेमारी के दौरान पुलिस ने फर्जी मार्कशीट छापने वाले एक कारखाने का भी खुलासा किया। मौके से दो लैपटॉप, कंप्यूटर, प्रिंटर, 141 विश्वविद्यालयों की मुहरें, 830 विशेष पेपर शीट और कई तैयार फर्जी डिग्रियां बरामद की गईं।

पुलिस ने बताया कि अब तक इस मामले में 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। सभी के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और आपराधिक साजिश समेत गंभीर धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। जांच एजेंसियां पूरे अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क की गहन पड़ताल में जुटी हैं।



Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply