Breaking News

बिहार के जल संकट पर बड़ा फैसला, गंगाजल आपूर्ति योजना को केंद्र की मंजूरी

Bolta Sach News
|
Big decision on Bihar's water crisis
बोलता सच,पटना : बिहार के जल संकट को दूर करने के लिए केंद्र सरकार ने एक अहम पहल करते हुए ‘गंगाजल आपूर्ति योजना’ को मंजूरी दे दी है। इस योजना के तहत मानसून के दौरान गंगा नदी के अतिरिक्त पानी को पाइपलाइन के माध्यम से दक्षिण बिहार के सूखे जलाशयों तक पहुंचाया जाएगा। जल संसाधन विभाग योजना को अमल में लाने की तैयारी में जुट गया है और इसकी विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) अगले दो से तीन महीनों में तैयार की जाएगी।

इस योजना से नवादा, लखीसराय, जमुई और मुंगेर जैसे सूखाग्रस्त जिलों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। जलाशयों के पुनर्जीवित होने से न सिर्फ जल संकट कम होगा, बल्कि बड़े पैमाने पर कृषि भूमि की सिंचाई भी सुनिश्चित की जा सकेगी।

योजना के पहले चरण में राज्य के 23 जलाशयों में से 6 प्रमुख जलाशयों को शामिल किया गया है। इनमें लखीसराय के बासकुंड और मोरवे, जमुई के अमृत श्रीखंडी, आंजन और गरही तथा मुंगेर का जालकुंड जलाशय शामिल हैं। इन जलाशयों तक पानी पहुंचाने के लिए करीब 132 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई जाएगी।

जल संसाधन मंत्री विजय चौधरी ने बताया कि सालभर जलाशयों में पानी उपलब्ध रहने से किसानों को सिंचाई का स्थायी समाधान मिलेगा। इससे गंगाजल की बर्बादी रुकेगी और दक्षिण बिहार में लगातार गिर रहे भूजल स्तर में भी सुधार होगा।

उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत मानसून के अतिरिक्त पानी का संग्रह किया जाएगा, जिससे जलाशयों का संकट स्थायी रूप से दूर हो सकेगा। पहले चरण की सफलता के बाद शेष जलाशयों को दूसरे चरण में शामिल करने की योजना है, जिससे राज्य के अन्य जलसंकटग्रस्त इलाकों को भी राहत मिल सके।


Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply

error: