Breaking News

देवरिया : लबकनी में खलिहान की जमीन से हटाई गई डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा, पथराव में एसओ घायल; 12 लोग हिरासत में

Bolta Sach News
|
Deoria Barn in Labakni
बोलता सच,देवरिया/गौरी बाजार : गौरी बाजार थाना क्षेत्र के लबकनी गांव में खलिहान की भूमि पर बिना अनुमति स्थापित की गई डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा को गुरुवार शाम प्रशासन ने पुलिस सुरक्षा के बीच हटवा दिया। प्रतिमा को गौरी बाजार थाने ले जाया गया। कार्रवाई के दौरान हुए पथराव में मदनपुर थाने के प्रभारी निरीक्षक (एसओ) नंदा प्रसाद घायल हो गए। मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर 12 लोगों को हिरासत में लिया है। गांव में एहतियात के तौर पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
जानकारी के अनुसार, लबकनी गांव के पूर्वी हिस्से में सड़क किनारे स्थित आंगनबाड़ी केंद्र के पास खलिहान की सरकारी भूमि पर बुधवार शाम कुछ लोगों ने चबूतरा बनाकर डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित कर दी थी। सूचना मिलने पर गौरी बाजार पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर प्रतिमा हटाने का प्रयास किया, लेकिन अनुसूचित जाति बस्ती के लोगों के विरोध के कारण तत्काल कार्रवाई नहीं हो सकी। स्थिति को देखते हुए पुलिस पूरी रात गांव में तैनात रही।
गुरुवार सुबह राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर भूमि की पैमाइश की। जांच में संबंधित भूमि सरकारी अभिलेखों में खलिहान के रूप में दर्ज पाई गई। इसके बाद प्रशासन ने प्रतिमा हटाने का निर्णय लिया।
कार्रवाई के दौरान उपजिलाधिकारी (एसडीएम) रुद्रपुर राजकुमार गुप्ता और क्षेत्राधिकारी (सीओ) रुद्रपुर सत्येंद्र राय भी मौके पर मौजूद रहे। अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से वार्ता कर उन्हें समझाने का प्रयास किया। दोपहर बाद करीब चार बजे पुलिस सुरक्षा के बीच प्रतिमा को हटाकर गौरी बाजार थाने भेज दिया गया।
प्रतिमा हटाए जाने के दौरान अचानक पास की बस्ती की ओर से पुलिस टीम पर पथराव शुरू हो गया। इस घटना में मदनपुर थाने के एसओ नंदा प्रसाद घायल हो गए। हालांकि पुलिस ने संयम बरतते हुए स्थिति को नियंत्रित किया और पथराव कर रहे लोगों को मौके से खदेड़ दिया। घटना के बाद क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।
पुलिस ने देर शाम इस मामले में प्राथमिकी दर्ज करते हुए 12 लोगों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है और अन्य आरोपितों की पहचान भी की जा रही है। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गौरी बाजार समेत छह थानों की पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार निगरानी कर रहे हैं।
सीओ रुद्रपुर सत्येंद्र राय ने बताया कि सरकारी भूमि पर बिना अनुमति प्रतिमा स्थापित की गई थी। राजस्व अभिलेखों की जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई करते हुए प्रतिमा को हटाया गया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
वहीं, तनावपूर्ण हालात को देखते हुए बिजली विभाग ने बुधवार शाम से ही लबकनी गांव की विद्युत आपूर्ति बंद कर दी थी। ग्रामीणों का कहना है कि पूरी रात बिजली न आने से लोगों को भीषण गर्मी और उमस का सामना करना पड़ा। हालांकि प्रशासन का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए आवश्यक एहतियाती कदम उठाए गए थे। फिलहाल गांव में शांति बनाए रखने के लिए प्रशासन लगातार नजर बनाए हुए है।

इसे भी पढ़े : छात्र आंदोलन पर राहुल गांधी का अमित शाह पर फिर हमला, बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने किया पलटवार


Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply

error: