Breaking News

देवरिया जिला अस्पताल की मोर्चरी व्यवस्था पर सवाल, सुधार की मांग तेज

Bolta Sach News
|
Mortuary of Deoria District Hospital
बोलता सच,देवरियादेवरिया जिला चिकित्सालय स्थित पोस्टमार्टम हाउस (मोर्चरी) की खराब व्यवस्थाओं को लेकर “हमलोग” देवभूमि न्यास का एक प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी से मिला और तत्काल सुधार की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा। न्यास ने मोर्चरी की मौजूदा स्थिति को बेहद चिंताजनक और संवेदनशील बताते हुए इसे प्राथमिकता के आधार पर ठीक कराने की अपील की।
प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि मोर्चरी में वातानुकूलन (एसी) की समुचित व्यवस्था नहीं है, जिससे गर्मी के मौसम में वहां का तापमान काफी अधिक हो जाता है। इसके चलते दुर्गंध और अस्वास्थ्यकर वातावरण बन जाता है, जिससे डॉक्टरों, कर्मचारियों और मृतकों के परिजनों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति न केवल कामकाज में बाधा उत्पन्न करती है, बल्कि यह मानव गरिमा के भी खिलाफ है।
न्यास के सदस्यों ने बताया कि शवों के संरक्षण के लिए नियंत्रित तापमान और स्वच्छ वातावरण अत्यंत आवश्यक होता है, लेकिन मौजूदा व्यवस्था में इन सुविधाओं का अभाव साफ दिखाई देता है। इससे शवों के रख-रखाव में दिक्कतें आ रही हैं और संक्रमण फैलने का खतरा भी बना रहता है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द सुधार नहीं किया गया तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।
ज्ञापन में मोर्चरी को एसी युक्त बनाने के साथ-साथ पर्याप्त कोल्ड स्टोरेज और डीप फ्रीजर की व्यवस्था करने की मांग की गई। इसके अलावा मृतकों के परिजनों के लिए टीनशेड, बैठने हेतु सीमेंटेड बेंच, स्वच्छ पेयजल, बेहतर प्रकाश व्यवस्था और नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने की भी मांग रखी गई। कर्मचारियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्हें आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।
जिलाधिकारी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि इस मुद्दे को गंभीरता से लिया जाएगा और जल्द ही आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि मोर्चरी जैसी संवेदनशील जगह पर बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है।
इस प्रतिनिधिमंडल में सच्चिदा सिंह राणा, डॉ. एस.के. पाठक, डॉ. राजीव राय, अरुण कुमार मिश्र, संजीव कुमार मिश्रा और मु. सुहेल अंसारी समेत कई सदस्य शामिल रहे। न्यास ने उम्मीद जताई है कि प्रशासन जल्द सकारात्मक कार्रवाई करेगा और मोर्चरी की बदहाल स्थिति में सुधार लाकर लोगों को राहत दिलाई जाएगी।

इसे भी पढ़े : यूपी ATS का बड़ा खुलासा, पाकिस्तानी हैंडलर्स से जुड़े आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply