Breaking News

27 दिसंबर तक साफ रहेगा हिमाचल का मौसम, नहीं मिलेगा ‘व्हाइट क्रिसमस’; ऊंचाई वाले इलाकों में ठंड बरकरार

Bolta Sach News
|
Himachal will remain clean till December 27
बोलता सच,शिमला: हिमाचल प्रदेश में फिलहाल मौसम ने राहत का रुख अपना लिया है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में 27 दिसंबर तक मौसम साफ और शुष्क बना रहेगा। इस दौरान ठंड तो रहेगी, लेकिन बारिश या बर्फबारी की कोई संभावना नहीं है। ऐसे में इस बार पर्यटकों को हिमाचल में ‘व्हाइट क्रिसमस’ का आनंद नहीं मिल पाएगा। बीते दिनों ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी और निचले व मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में बादलों की आवाजाही के बाद अब प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में धूप खिल गई है।
आने वाले दिनों का मौसम
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने अगले कुछ दिनों के लिए राहत भरा पूर्वानुमान जारी किया है। विभाग के अनुसार 27 दिसंबर तक प्रदेश में मौसम साफ रहेगा। हालांकि, 28 दिसंबर को ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। ऐसे में पहाड़ी क्षेत्रों की यात्रा करने वाले पर्यटकों और स्थानीय लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
कोहरे की चेतावनी
मौसम विभाग ने चेताया है कि 26 दिसंबर तक बिलासपुर जिले में भाखड़ा डैम जलाशय के आसपास के इलाकों में घना कोहरा छा सकता है। इसके अलावा मंडी जिले की बल्ह घाटी के कुछ हिस्सों में भी कोहरे की संभावना है। कोहरे के कारण दृश्यता कम हो सकती है, जिससे वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है, खासकर सुबह और रात के समय।
तापमान का हाल
सोमवार को लाहौल-स्पीति जिले का कुकुमसेरी प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान माइनस 3.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लगातार गिरते तापमान के कारण क्षेत्र में कड़ाके की ठंड पड़ रही है।
पर्यटन स्थलों पर भी ठंड का असर साफ दिखा। मनाली में न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री, पालमपुर में 7 डिग्री, कुफरी में 8.2 डिग्री, धर्मशाला में 9.6 डिग्री और राजधानी शिमला में 9.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। साफ मौसम के चलते ठंड के बावजूद पर्यटक बड़ी संख्या में इन स्थलों का रुख कर रहे हैं। मौसम खुला रहने से आम लोगों को राहत मिली है और पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों में भी उम्मीद जगी है। हालांकि, कोहरे को देखते हुए प्रशासन और मौसम विभाग ने सतर्कता बरतने की अपील की है।

इसको भी पढ़ें : अजमेर शरीफ में पीएम मोदी की ओर से चादर चढ़ाने पर रोक की मांग खारिज, किरेन रिजिजू ने निभाई परंपरा


Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply