Breaking News

देवरिया में जमीन विवाद ने लिया हिंसक रूप, दबंगों की खुलेआम फायरिंग से गांव में दहशत

Bolta Sach News
|
Land dispute took a toll in Deoria
बोलता सच,देवरिया : देवरिया जिले के गौरीबाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत बाकी ग्राम सभा के फुलवरिया टोला में शनिवार को जमीन विवाद को लेकर सनसनीखेज घटना सामने आई। दबंगों द्वारा खुलेआम रायफल से फायरिंग किए जाने से पूरे गांव में दहशत फैल गई। घटना के बाद स्थानीय पुलिस की भूमिका पर भी गंभीर सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार, वीरेंद्र यादव ने लगभग दो वर्ष पूर्व विवादित भूमि की विधिवत रजिस्ट्री कराई थी और वहां पक्की दीवार का निर्माण भी कराया था। शनिवार को अशोक पांडेय और विनोद पांडेय अपने बेटों के साथ रायफल लेकर मौके पर पहुंचे और जबरन दीवार गिराने लगे। विरोध करने पर उन्होंने वीरेंद्र यादव के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की।
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने तत्काल डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन कुछ देर रुकने के बाद बिना कोई ठोस कार्रवाई किए वापस लौट गई। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस के जाते ही आरोपियों के हौसले और बुलंद हो गए।
करीब एक घंटे बाद अशोक पांडेय और विनोद पांडेय दोबारा रायफल लेकर गांव पहुंचे और ग्रामीणों की ओर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोलियों की आवाज सुनकर गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए घरों में दुबक गए। हालांकि, गनीमत रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि पहली सूचना पर ही पुलिस ने सख्त कार्रवाई की होती, तो यह गंभीर घटना दोबारा न होती। गांव के लोगों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, अवैध हथियारों की बरामदगी और उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।
घटना के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दबंगों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की अपील की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

इसको भी पढ़ें : सीआईएसएफ में फिजूलखर्ची पर रोक, यूनिट दौरे पर अफसरों को नहीं मिलेंगे गिफ्ट-मोमेंटो


Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

2 thoughts on “देवरिया में जमीन विवाद ने लिया हिंसक रूप, दबंगों की खुलेआम फायरिंग से गांव में दहशत”

Leave a Reply

error: