Breaking News

आईआईटी कानपुर परिसर में महिला जूनियर टेक्नीशियन की आत्महत्या, मंगेतर से विवाद के बाद उठाया कदम

Bolta Sach News
|
Women at IIT Kanpur campus
बोलता सच,कानपुर : उत्तर प्रदेश के IIT Kanpur परिसर में एक महिला जूनियर टेक्नीशियन द्वारा आत्महत्या किए जाने की घटना सामने आई है। पुलिस के अनुसार, वैलेंटाइन डे के दिन मंगेतर से विवाद के बाद 26 वर्षीय अंजू कुमारी ने अपने कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी।
अंजू कुमारी झारखंड के जादूगोड़ा की रहने वाली थीं और पिछले तीन वर्षों से आईआईटी कानपुर में कार्यरत थीं। उनकी शादी ओडिशा में पावर हाउस में तैनात पंकज नामक युवक से तय हुई थी और जल्द ही सगाई प्रस्तावित थी। दोनों के बीच नियमित रूप से फोन पर बातचीत होती थी।
बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह अंजू की अपने मंगेतर से फोन पर बात के दौरान किसी मुद्दे को लेकर कहासुनी हो गई। कथित रूप से उन्होंने आत्महत्या की बात कहकर कॉल काट दी। इसके बाद मंगेतर ने कैंपस में रह रहे अपने परिचित को इसकी जानकारी दी। जब सहकर्मी और अन्य लोग अंजू के कमरे पर पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी आवाज देने के बाद भी कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां अंजू का शव पंखे के कुंडे से दुपट्टे के सहारे लटका मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। जांच के दौरान कमरे से एक डायरी भी बरामद हुई है, जिसे साक्ष्य के रूप में जब्त कर लिया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि पिछले दो वर्षों में संस्थान परिसर में आत्महत्या की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे परिसर में मानसिक स्वास्थ्य सहायता और परामर्श व्यवस्था को लेकर चिंता व्यक्त की जा रही है।

इसको भी पढ़ें : दिल्ली में 51 नए आयुष्मान आरोग्य मंदिरों की सौगात, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 322 करोड़ की विकास योजनाओं का किया शुभारंभ

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply