Breaking News

बीएमसी चुनाव से पहले ठाकरे भाइयों की एकजुटता, कांग्रेस बोली—एमवीए और इंडिया गठबंधन के साथ पूरी मजबूती से खड़े हैं

Bolta Sach News
|
Thackeray before BMC elections
बोलता सच,महाराष्ट्र : महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर बड़ा सियासी घटनाक्रम सामने आया है। शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के प्रमुख उद्धव ठाकरे और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के अध्यक्ष राज ठाकरे ने आगामी बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) चुनाव साथ मिलकर लड़ने का ऐलान कर दिया है। इस घोषणा के बाद महाविकास अघाड़ी (एमवीए) के भीतर चुनावी समीकरणों और कांग्रेस की भूमिका को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। इसी बीच वरिष्ठ कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार ने स्पष्ट किया है कि कांग्रेस पूरी मजबूती के साथ एमवीए और इंडिया गठबंधन के साथ खड़ी है।
बुधवार को बयान देते हुए विजय वडेट्टीवार ने ठाकरे भाइयों के एकजुट होने पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि जब एक ही परिवार के लोग साथ आकर चुनाव लड़ते हैं तो यह खुशी की बात है। कांग्रेस उनकी इस पहल का स्वागत करती है और उन्हें सफलता की शुभकामनाएं देती है। हालांकि, उन्होंने यह भी दोहराया कि कांग्रेस की नीति पहले भी शिवसेना और शरद पवार के साथ रही है और आज भी वही है। कांग्रेस कभी मनसे के साथ गठबंधन की पक्षधर नहीं रही है, लेकिन यदि उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे आपसी सहमति से मुंबई में चुनाव लड़ते हैं तो कांग्रेस को इससे कोई आपत्ति नहीं है।
नागपुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान वडेट्टीवार ने कहा कि हाल ही में हुए नगर परिषद चुनावों में कांग्रेस ने अकेले दम पर चुनाव लड़ते हुए सबसे बड़ी पार्टी के रूप में सफलता हासिल की। उन्होंने बताया कि वोट शेयर, पार्षदों की संख्या और मेयर पद के मामले में कांग्रेस का प्रदर्शन अपने सहयोगी दलों से बेहतर रहा। इससे यह साफ होता है कि कांग्रेस के जमीनी कार्यकर्ता स्थानीय निकाय चुनाव अपने बलबूते लड़ने में सक्षम हैं।
मराठी भाषा और मराठी अस्मिता के मुद्दे पर भी वडेट्टीवार ने अपनी बात रखी। उन्होंने आरोप लगाया कि महाराष्ट्र, विशेषकर मुंबई में मराठी पहचान को कमजोर करने की कोशिशें हो रही हैं। उन्होंने कहा कि यदि मराठी लोगों का स्वाभिमान और अधिकार बचाना है, तो उनके साथ मजबूती से खड़ा होना होगा। इस मुद्दे पर उन्होंने उद्धव ठाकरे के बयान का समर्थन भी किया।
एमवीए में किसी तरह की दरार की अटकलों को खारिज करते हुए वडेट्टीवार ने कहा कि स्थानीय निकाय चुनावों को लोकसभा या विधानसभा गठबंधनों से जोड़कर देखना गलत है। स्थानीय चुनाव स्थानीय परिस्थितियों और कार्यकर्ताओं पर निर्भर करते हैं। उन्होंने साफ कहा कि गठबंधन टूटने का कोई सवाल नहीं है और शिवसेना (यूबीटी) इंडिया गठबंधन का हिस्सा बनी हुई है। कई क्षेत्रों में सीटों को लेकर बातचीत अंतिम चरण में है।
भाजपा पर निशाना साधते हुए वडेट्टीवार ने कहा कि भाजपा चुनावी दबाव में बयानबाजी कर रही है और पैसे व सरकारी तंत्र के सहारे चुनाव लड़ती है। ‘ऑपरेशन लोटस’ को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि चंद्रपुर में कांग्रेस पूरी तरह एकजुट है और उसके पास मजबूत बहुमत है। अंत में उन्होंने कहा कि कांग्रेस कभी जाति, भाषा या प्रांत के आधार पर राजनीति नहीं करती। मराठी हो या गैर-मराठी, इस देश का हर नागरिक बराबर है और कांग्रेस सभी को साथ लेकर चलने में विश्वास रखती है।

इसको भी पढ़ें : 2031 तक Mi-35 की विदाई, पहाड़ों में ताकत बढ़ाएगा स्वदेशी ‘प्रचंड’


Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply

error: