बोलता सच,पटना : बिहार की राजनीति में ऐतिहासिक बदलाव के तहत भारतीय जनता पार्टी ने पहली बार अपना मुख्यमंत्री बनाया है। भाजपा नेता सम्राट चौधरी को राज्य का 24वां मुख्यमंत्री चुना गया और उन्होंने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। यह निर्णय पहले भाजपा और फिर एनडीए विधायक दल की बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया।
राजधानी पटना स्थित लोकभवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने सम्राट चौधरी को पद की शपथ दिलाई। इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उन्हें मखाना की माला पहनाकर अपनी राजनीतिक विरासत सौंपी।
समारोह में केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, शिवराज सिंह चौहान सहित एनडीए के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इसके साथ ही जदयू कोटे से विजय चौधरी और बिजेंद्र यादव को उपमुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई गई।
राजनीतिक समीकरणों के तहत इस बार जदयू को दो डिप्टी सीएम पद दिए गए हैं। इससे पहले 2020 में जब नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए सरकार बनी थी, तब भाजपा के रेणु देवी और तारकिशोर प्रसाद को डिप्टी सीएम बनाया गया था। बाद में सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा भी इस पद पर रह चुके हैं।
मुख्यमंत्री बनने के बाद सम्राट चौधरी ने कहा कि पार्टी ने उन्हें जीवन में कई अवसर दिए हैं और वे पिछले करीब 30 वर्षों से राजनीति में सक्रिय हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के विजन और नीतीश कुमार के ‘समृद्ध बिहार’ के संकल्प को साथ लेकर वे राज्य को आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि वे पार्टी नेतृत्व के भरोसे पर खरा उतरने की पूरी कोशिश करेंगे।
डिप्टी सीएम विजय चौधरी ने कहा कि उन्होंने नीतीश कुमार के साथ काम करते हुए बहुत कुछ सीखा है और आगे भी उसी कार्यशैली को अपनाया जाएगा। वहीं बिजेंद्र यादव ने कहा कि सभी मिलकर राज्य के विकास के लिए काम करेंगे।
सम्राट चौधरी का राजनीतिक सफर काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा है। वे पूर्व मंत्री शकुनी चौधरी के पुत्र हैं और 1990 के दशक से राजनीति में सक्रिय हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत राष्ट्रीय जनता दल से की थी और बाद में जदयू, हम पार्टी होते हुए भाजपा में शामिल हुए। 2017 के बाद से वे भाजपा में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
वहीं, डिप्टी सीएम विजय चौधरी समस्तीपुर के सरायरंजन क्षेत्र से आते हैं और नीतीश कुमार के करीबी माने जाते हैं। दूसरी ओर, बिजेंद्र यादव वरिष्ठ नेता हैं और जेपी आंदोलन से जुड़े रहे हैं।
इस नए राजनीतिक बदलाव के साथ अब सभी की नजर इस बात पर है कि सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार किस दिशा में आगे बढ़ता है और एनडीए सरकार राज्य में विकास की नई रफ्तार ला पाती है या नहीं।
इसे भी पढ़े : देवरिया जिला अस्पताल की मोर्चरी व्यवस्था पर सवाल, सुधार की मांग तेज
➤ You May Also Like











































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































