Breaking News

लखनऊ में शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में दुकानदार को गोली मारी, हालत स्थिर; जांच के लिए आठ टीमें गठित

Bolta Sach News
|
Shopping complex in Lucknow
बोलता सच,लखनऊ : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी इलाके में शुक्रवार रात एक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में दो अज्ञात बदमाशों ने एक दुकानदार को गोली मार दी, जिससे वह घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दक्षिण क्षेत्र के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) निपुण अग्रवाल ने बताया कि यह वारदात शुक्रवार रात करीब 10:15 बजे अंसल सुशांत गोल्फ सिटी स्थित शॉपिंग स्क्वायर-2 में हुई। घटना की सूचना कंट्रोल रूम के माध्यम से पुलिस को मिली, जिसके बाद वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस के अनुसार, घायल दुकानदार की पहचान अवधेश कुमार पाठक (60) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से संत कबीर नगर जिले के निवासी हैं और वर्तमान में लखनऊ के गोसाईगंज क्षेत्र में रहते हैं। उनकी दुकान शॉपिंग स्क्वायर-1 में स्थित है। घटना के समय पाठक अपनी दुकान का कुछ सामान निजी कार में रख रहे थे, तभी दो अज्ञात व्यक्तियों ने उन पर गोली चला दी। गोली उनकी दाहिनी आंख के ऊपर लगी।
घायल को तत्काल मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत स्थिर है और वह खतरे से बाहर हैं।
डीसीपी निपुण अग्रवाल ने बताया कि पीड़ित की पत्नी की तहरीर पर सुशांत गोल्फ सिटी थाने में दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
मामले के शीघ्र खुलासे के लिए पुलिस ने आठ विशेष टीमें गठित की हैं। स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है और हर पहलू से जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, इलाके में कानून-व्यवस्था सामान्य है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

इसको भी पढ़ें : बाराबंकी में VIP रौब पड़ा भारी, बीजेपी झंडा और हूटर लगी ब्लैक थार का ₹10 हजार का चालान


Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply

error: