Breaking News

देवरिया। संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम का सख्त रुख, लेखपाल को दी निलंबन की चेतावनी

Bolta Sach News
|
Deoria. Complete Solution Day
बोलता सच,देवरिया। जिले की सभी तहसीलों में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में अधिकारियों ने जनता की समस्याएं सुनीं और उनके निस्तारण के लिए आवश्यक निर्देश दिए। भाटपार रानी तहसील में आयोजित समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने शिकायतों की सुनवाई करते हुए लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों पर कड़ा रुख अपनाया।
जिलाधिकारी निर्धारित समय से पहले सुबह करीब 9:45 बजे ही तहसील सभागार पहुंच गए। उस समय तक कई विभागों के अधिकारी उपस्थित नहीं थे। शिकायतों की समीक्षा के दौरान ग्राम बंगरा बाजार में सरकारी भूमि पर वर्षों से किए गए कथित अतिक्रमण का मामला सामने आया। शिकायतकर्ता अरविंद कुमार ने बताया कि सरकारी जमीन पर नाद, खूंटा, कटरैन और झोपड़ियां रखकर कब्जा किया गया है, लेकिन बार-बार शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित हल्का लेखपाल अंशुमान पांडेय को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने तत्काल अतिक्रमण हटवाने के निर्देश दिए और चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई में और देरी हुई तो लेखपाल को निलंबित कर दिया जाएगा। डीएम की इस सख्ती से तहसील परिसर में मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।
समाधान दिवस में इस बार भी सबसे अधिक शिकायतें राजस्व और विद्युत विभाग से संबंधित रहीं। कुल 152 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 13 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। प्राप्त शिकायतों में राजस्व विभाग की 46, पुलिस विभाग की 43, विकास कार्यों से जुड़ी 19 तथा अन्य विभागों की 44 शिकायतें शामिल थीं।
नगर निवासी अमित जायसवाल ने शिकायत की कि उनकी ऑनलाइन दर्ज शिकायत पर तहसील प्रशासन ने कथित रूप से गलत रिपोर्ट लगा दी है। वहीं लाखोंपार गांव के अनिल गोंड़ ने आरोप लगाया कि गांव के कुछ लोगों ने उनके घर के सामने नाली बंद कर दी है, जिससे पिछले एक वर्ष से जलभराव की समस्या बनी हुई है, लेकिन प्रशासन ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की।
इसके अलावा पिपरा विट्ठल और सोहनपार निवासी शिवाजी सिंह ने अपनी भूमि पर मकान और बाउंड्री निर्माण में बाधा पहुंचाए जाने की शिकायत दर्ज कराई। वहीं बखरी के राजेश कुमार, भोतपुरा के राधेश्याम तथा छोटका गांव के रमेश और नरेश ने बताया कि वे भूमि विवाद से जुड़े मामलों को लेकर छह से अधिक बार संपूर्ण समाधान दिवस में आ चुके हैं, लेकिन अब तक उनकी समस्या का समाधान नहीं हो पाया है।
जिलाधिकारी ने सभी लंबित मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर, क्षेत्राधिकारी मनोज कुमार, उपजिलाधिकारी दीपराज सिंह, प्रभारी तहसीलदार अभिजीत प्रताप सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

इसे भी पढ़े : भरत तिवारी एनकाउंटर मामले की होगी न्यायिक जांच, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दिए आदेश


Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply

error: