Breaking News

मुजफ्फरनगर में 6 घंटे में तीन मुठभेड़, तीन बदमाश घायल, एक फरार

Bolta Sach News
|
Three in Muzaffarnagar in 6 hours
बोलता सच,मुजफ्फरनगर : मुजफ्फरनगर में मंगलवार को महज 6 घंटे के भीतर पुलिस और बदमाशों के बीच तीन अलग-अलग मुठभेड़ हुईं। इन घटनाओं में तीन शातिर बदमाश पुलिस की गोली लगने से घायल हो गए, जबकि एक आरोपी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने मौके से हथियार, बाइक और अन्य संदिग्ध सामान भी बरामद किए हैं।
सबसे चर्चित मुठभेड़ नई मंडी कोतवाली क्षेत्र में हुई। पुलिस चेकिंग अभियान चला रही थी, तभी ड्रीम सिटी के पास संदिग्ध स्कूटी सवार दो युवकों को रोकने का प्रयास किया गया। रुकने के बजाय बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और भागने लगे। जवाब में पुलिस ने घेराबंदी कर आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिसमें सलमान उर्फ शहजाद घायल हो गया। पुलिस के मुताबिक, वह पंजाब का भगोड़ा है और उसके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

घायल होने के बाद आरोपी ने पुलिस के सामने माफी मांगते हुए अपराध छोड़ने की बात कही। हालांकि, उसका साथी खुशनसीब मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस ने घटनास्थल से बिना नंबर प्लेट की स्कूटी, .315 बोर का तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। घायल बदमाश को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उससे पूछताछ जारी है।
इससे पहले एक अन्य मुठभेड़ में 20 हजार रुपये का इनामी बदमाश शिवम उर्फ मोटा पुलिस की गोली से घायल होकर गिरफ्तार हुआ। वहीं, बुढाना कोतवाली क्षेत्र में हुई तीसरी मुठभेड़ में 20 हजार के इनामी अवैध हथियार तस्कर शाहरुख पठान भी पुलिस की गोली लगने से घायल हुआ। उसके पास से अवैध पिस्टल, तमंचा, बाइक और कारतूस बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ लूट, डकैती और गैंगस्टर एक्ट समेत एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में अपराधियों के खिलाफ सघन अभियान चलाया जा रहा है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कॉम्बिंग ऑपरेशन जारी है और जल्द ही उसे भी पकड़ लिया जाएगा।

इसे भी पढ़े : पटना के गांधी मैदान में मंत्रिमंडल विस्तार की तैयारी तेज, 6-7 मई को हो सकता है शपथ ग्रहण

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply