Breaking News

राम मंदिर चढ़ावा विवाद में टिन्नू यादव की सफाई, बोले- ऑटो चलाकर और किराये से बनाई संपत्ति

Bolta Sach News
|
Ram Temple offerings controversy
बोलता सच,अयोध्या : श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में चढ़ावे और दान राशि में कथित अनियमितताओं के आरोपों के बीच रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू यादव ने अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों को खारिज किया है। उन्होंने कहा कि उनके पास 50 करोड़ रुपये की संपत्ति होने का दावा पूरी तरह भ्रामक और निराधार है। टिन्नू यादव का कहना है कि उन्होंने विश्व हिंदू परिषद में कार्य करने के साथ-साथ ऑटो रिक्शा चलाकर और मकान किराये पर देकर अपनी संपत्ति अर्जित की है।
टिन्नू यादव, जिन्हें श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय का करीबी और उनका चालक बताया जाता है, हाल के दिनों में अपनी कथित संपत्तियों को लेकर चर्चा में हैं। उन पर अयोध्या और लखनऊ में करोड़ों रुपये की चल-अचल संपत्ति होने के आरोप लगाए गए हैं।
एक वीडियो संदेश में टिन्नू यादव ने कहा कि उनका जन्म अयोध्या के स्वर्ग द्वार मोहल्ले में हुआ और वर्ष 1993 से वे विश्व हिंदू परिषद से जुड़े हुए हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष 2019 में राम जन्मभूमि मामले पर सर्वोच्च न्यायालय का फैसला आने के बाद उन्हें मंदिर परिसर में सेवा कार्यों की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
उन्होंने दावा किया कि जिस जमीन और मकान को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं, वह उन्होंने वर्ष 2008 में खरीदी थी और वर्ष 2015-16 में उस पर निर्माण कराया था। टिन्नू यादव के अनुसार, राम मंदिर निर्माण का कार्य शुरू होने के बाद निर्माण कंपनी एल एंड टी को आवास की आवश्यकता थी, जिसके चलते उन्होंने अपना भवन किराये पर दे दिया। यही उनकी आय का प्रमुख स्रोत बना।
टिन्नू यादव ने कहा कि संगठन में कार्य करने पर मिलने वाले मानधन और ऑटो चलाकर की गई कमाई को बचाकर उन्होंने जमीन खरीदी और मकान बनवाया। उन्होंने आरोपों को राजनीति और सोशल मीडिया के जरिए फैलाया गया दुष्प्रचार बताते हुए कहा कि उनके खिलाफ लगाए जा रहे दावे तथ्यों पर आधारित नहीं हैं।
हालांकि, उनके खिलाफ उठे सवाल अभी भी चर्चा का विषय बने हुए हैं। भाजपा के पूर्व सांसद विनय कटियार सहित कई लोगों ने उनकी संपत्तियों को लेकर सवाल उठाए हैं। आरोप है कि राम मंदिर निर्माण कार्य शुरू होने के बाद उनकी आर्थिक स्थिति में तेजी से बदलाव आया और उन्होंने कई संपत्तियां अर्जित कीं।
उधर, राम मंदिर में चढ़ावे और दान राशि में कथित गड़बड़ियों के आरोपों की जांच के लिए उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) मामले की पड़ताल कर रहा है। जांच एजेंसियां टिन्नू यादव समेत मंदिर से जुड़े अन्य लोगों से भी पूछताछ कर रही हैं।
फिलहाल मामले की जांच जारी है और आरोपों की पुष्टि या खंडन जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

इसे भी पढ़े : देवरिया में अपराधों के विरोध में भाकपा माले का प्रदर्शन, पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल


Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply