बोलता सच,देवरिया : भाजपा किसान मोर्चा और कृषि विभाग के संयुक्त तत्वावधान में दो दिवसीय प्राकृतिक खेती कार्यशाला का आयोजन किया गया। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में यह कार्यक्रम कृषि प्रशिक्षण केंद्र सभागार, बैतालपुर में शुरू हुआ। कार्यशाला का शुभारंभ भाजपा जिलाध्यक्ष काली प्रसाद ने किया।
मुख्य अतिथि काली प्रसाद ने अपने संबोधन में कहा कि प्राकृतिक खेती किसानों की लागत को कम करने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का एक प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि इस पद्धति को अपनाकर भूमि को रसायन मुक्त किया जा सकता है, जिससे पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य दोनों को लाभ मिलेगा।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार प्राकृतिक खेती को लगातार बढ़ावा दे रही है और इसके सकारात्मक परिणाम कृषि क्षेत्र में देखने को मिल रहे हैं। उन्होंने रासायनिक उर्वरकों के अत्यधिक उपयोग के दुष्प्रभावों से बचने के लिए प्राकृतिक खेती को आवश्यक बताया।
कार्यशाला में विशेषज्ञों ने किसानों को प्राकृतिक खेती की तकनीकें सिखाईं। भाजपा किसान मोर्चा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष हरी राय ने जीवामृत और बीजामृत बनाने की विधि की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि देसी गाय के गोबर, गोमूत्र, गुड़, बेसन और विभिन्न वनस्पति पदार्थों से तैयार ये प्राकृतिक खाद मिट्टी की उर्वरता बढ़ाने और फसलों की गुणवत्ता सुधारने में सहायक होती है।
भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष पवन कुमार मिश्र ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार किसानों को प्राकृतिक खेती के लिए प्रशिक्षण और अनुदान उपलब्ध करा रही है, जिससे कृषि लागत में कमी और उत्पादन क्षमता में वृद्धि हो रही है।
कार्यशाला के दौरान किसानों ने विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया और विशेषज्ञों से प्राकृतिक खेती से जुड़ी तकनीकी जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर उप कृषि निदेशक सुभाष चंद्र मौर्य सहित कई अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
इसे भी पढ़े : देवरिया मेडिकल कॉलेज में लापरवाही का आरोप, दाहिने हाथ में फ्रैक्चर के बावजूद बाएं हाथ में चढ़ा दिया प्लास्टर
➤ You May Also Like
Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस
Subscribe to get the latest posts sent to your email.











































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































