बोलता सच,कानपुर : घाटमपुर कस्बे के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्थित जच्चा-बच्चा अस्पताल में रविवार रात बच्चा चोरी की कोशिश का मामला सामने आया। आरोप है कि एक महिला ने खुद को नर्स बताकर नवजात को गोद में लिया और उसे लेकर अस्पताल से बाहर निकलने लगी। हालांकि परिजनों और सुरक्षा गार्ड की सतर्कता से महिला को मौके पर ही पकड़ लिया गया।
घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें महिला बच्चे को लेकर वार्ड से बाहर जाती दिखाई दे रही है।
जांच के बहाने ले गई बच्चा
थाना क्षेत्र के बम्हौरी गांव निवासी अवनीश के अनुसार, उनकी पत्नी मंजू ने सीएचसी के जच्चा-बच्चा वार्ड में बच्चे को जन्म दिया था। आरोप है कि संदिग्ध महिला दोपहर से ही अस्पताल परिसर में घूम रही थी और बच्चा चोरी की फिराक में थी।
रात करीब 10 बजे महिला वार्ड में पहुंची और खुद को नर्स बताते हुए नवजात को जांच के लिए ले जाने की बात कही। इसके बाद वह बच्चे को गोद में लेकर बाहर निकलने लगी।
परिजनों को हुआ शक, दौड़ाकर पकड़ा
जैसे ही महिला बच्चे को लेकर वार्ड से बाहर निकली, प्रसूता को शक हुआ। उसने तुरंत परिजनों को फोन कर बताया कि एक नर्स बच्चे को लेकर जा रही है।
महिला जब अस्पताल के गेट की ओर तेजी से बढ़ने लगी तो परिजनों और वहां मौजूद सुरक्षा गार्ड ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस कर रही पूछताछ
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
कृष्णकांत यादव ने बताया कि मामले की सूचना मिलने के बाद महिला को हिरासत में लिया गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इसे भी पढ़े : देवरिया में ट्रेन की चपेट में आने से किसान की मौत, गांव में पसरा मातम
➤ You May Also Like










































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































