Breaking News

स्वतंत्रता दिवस पर CM योगी का बड़ा संदेश, बोले- यूपी अब ‘उपद्रव प्रदेश’ नहीं, ‘उत्सव प्रदेश’ और देश का ग्रोथ इंजन

Bolta Sach News
|
CM Yogi on Independence Day

बोलता सच,लखनऊ : 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को उत्तर प्रदेश में देशभक्ति और उत्साह का माहौल रहा। राजधानी लखनऊ में विधानभवन परिसर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भव्य समारोह के बीच ध्वजारोहण किया। इस दौरान पहली बार ध्वजारोहण से पहले सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया गया। इसके बाद राष्ट्रगान की धुन गूंजी। समारोह के दौरान हेलीकॉप्टर से विधानभवन परिसर में पुष्पवर्षा भी की गई।

भगवा पगड़ी पहने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि बेहतर कानून-व्यवस्था और सुशासन के कारण उत्तर प्रदेश की छवि में बड़ा बदलाव आया है। अब प्रदेश को ‘उपद्रव प्रदेश’ के बजाय ‘उत्सव प्रदेश’ के रूप में जाना जा रहा है और यूपी देश के प्रमुख ग्रोथ इंजन के तौर पर आगे बढ़ रहा है।

शहीद इंस्पेक्टर सुनील कुमार को किया नमन

मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश पुलिस STF के शहीद इंस्पेक्टर सुनील कुमार के साहस को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने बताया कि शामली में कुख्यात अपराधियों के खिलाफ मुठभेड़ के दौरान इंस्पेक्टर सुनील कुमार ने चार दुर्दांत अपराधियों को मार गिराया था। इस कार्रवाई में घायल होने के बाद वह वीरगति को प्राप्त हुए।

उनके अदम्य साहस के लिए उन्हें कीर्ति चक्र से सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सम्मान केवल एक पुलिस अधिकारी का नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश पुलिस के उन सभी जवानों के शौर्य और समर्पण का सम्मान है, जो अपनी जान की परवाह किए बिना कर्तव्य निभाते हैं। समारोह में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, शहीदों और राष्ट्रपति पदक से सम्मानित पुलिसकर्मियों के परिजनों को भी सम्मानित किया गया।

‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन माफिया’ से ODOP तक का सफर

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आजादी के समय देश के सामने अशिक्षा, गरीबी, पिछड़ापन और तुष्टिकरण जैसी कई चुनौतियां थीं। बीते वर्षों में उत्तर प्रदेश ने इन समस्याओं से बाहर निकलते हुए विकास की नई दिशा बनाई है।

उन्होंने कहा कि पहले प्रदेश में ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन माफिया’ की चर्चा होती थी, लेकिन अब उत्तर प्रदेश की पहचान ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट’ (ODOP) और ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन कुजीन’ (ODOC) जैसे मॉडल से हो रही है। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि आज उत्तर प्रदेश को बीमारू राज्य के रूप में नहीं, बल्कि सुशासन और विकास के मॉडल के तौर पर देखा जा रहा है।

AI और सेमीकंडक्टर में युवाओं के लिए अवसर

मुख्यमंत्री ने युवाओं को प्रदेश की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि यूपी की युवा आबादी प्रतिभा और परिश्रम से भरपूर है। सरकार युवाओं की क्षमता को विकास का इंजन बनाने की दिशा में काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि Gen-Z और Gen-Alpha के युवाओं के लिए AI, मशीन लर्निंग, सेमीकंडक्टर, साइबर रोबोटिक्स, फिनटेक, डीप टेक और डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग जैसे क्षेत्रों में निवेश और रोजगार के नए अवसर तैयार किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने नकल माफिया और भर्ती माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। साथ ही ‘सीएम युवा उद्यमी योजना’ के माध्यम से युवाओं को स्वरोजगार के लिए ब्याजमुक्त और गारंटीमुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने युवाओं से अपनी प्रतिभा का उपयोग प्रदेश और देश के विकास में करने का आह्वान किया।


इसे भी पढ़े : विजय माल्या मामले में बॉम्बे हाई कोर्ट की सख्त टिप्पणी, कहा- एक दशक पुराने विवाद का अब तार्किक समाधान जरूरी


Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply

error: