Breaking News

देवरिया: सीएचसी भटनी की स्टाफ नर्स ने डॉक्टर पर लगाए अश्लील हरकत के आरोप, सीएमओ से की शिकायत

Bolta Sach News
|
Deoria CHC Bhatni

बोलता सच,देवरिया : भटनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में तैनात एक स्टाफ नर्स ने अस्पताल के एक डॉक्टर पर ड्यूटी के दौरान अश्लील हरकत करने और आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) से शिकायत कर मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपी डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इस मामले से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

स्टाफ नर्स ने लगाए गंभीर आरोप

वायरल वीडियो में स्टाफ नर्स का दावा है कि रात की इमरजेंसी ड्यूटी के दौरान संबंधित डॉक्टर अक्सर लेबर रूम में पहुंच जाते थे और उनके साथ अभद्र व्यवहार करते हुए आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते थे। उनका आरोप है कि उन्होंने इस संबंध में स्थानीय स्तर पर कई बार शिकायत की, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।

वीडियो में स्टाफ नर्स यह भी कहती नजर आ रही हैं कि उन्होंने पूरे मामले की जानकारी सीएमओ को दे दी है। साथ ही उन्होंने कहा कि यदि भविष्य में उनके साथ कोई अप्रिय घटना होती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित डॉक्टर की होगी।

डॉक्टर ने आरोपों को बताया निराधार

दूसरी ओर, आरोपित डॉक्टर ने स्टाफ नर्स द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को बेबुनियाद और निराधार बताया है। उनका कहना है कि संबंधित स्टाफ नर्स अप्रैल माह से लगातार ड्यूटी में लापरवाही कर रही थीं। उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर स्टाफ नर्स को लेबर रूम की ड्यूटी से हटाकर ओपीडी में तैनात किया गया था, जिससे नाराज होकर उन्होंने यह शिकायत की है।

डॉक्टर ने यह भी दावा किया कि कुछ दिन पहले भी स्टाफ नर्स ने एक बीपीएम (ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर) पर इसी तरह के आरोप लगाए थे, जो जांच में सही नहीं पाए गए थे।

जांच की मांग

फिलहाल स्टाफ नर्स की शिकायत सीएमओ के पास पहुंच चुकी है। मामले में दोनों पक्षों के अलग-अलग दावे सामने आए हैं। ऐसे में जांच के बाद ही आरोपों की सत्यता स्पष्ट हो सकेगी। स्वास्थ्य विभाग की ओर से मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


इसे भी पढ़े : देवरिया: यूपी-112 के सिपाही पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप, मुकदमा दर्ज, आरोपी निलंबित


Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply

error: