Breaking News

देवरिया जिला जेल में बंद पूर्व आईजी अमिताभ ठाकुर को मिली जान से मारने की धमकी, सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता

Bolta Sach News
|
Locked up in Deoria district jail
बोलता सच,देवरिया। जिला कारागार में निरुद्ध पूर्व आईपीएस अधिकारी व पूर्व आईजी अमिताभ ठाकुर को जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। धमकी भरा पत्र मिलने के बाद जेल में उनकी सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। अमिताभ ठाकुर इंडस्ट्रियल एरिया पुरवां में पत्नी नूतन ठाकुर के नाम में कथित हेरफेर कर जमीन आवंटन के मामले में 11 दिसंबर से देवरिया जिला कारागार में बंद हैं।
इस प्रकरण में उनके अधिवक्ता प्रवीण द्विवेदी ने बताया कि हाल ही में जेल में मुलाकात के दौरान अमिताभ ठाकुर ने उन्हें एक कागज दिखाया, जिसमें जान से मारने की धमकी के साथ आपत्तिजनक शब्द लिखे हुए थे। यह पत्र कंप्यूटर से टाइप किया गया था और बैरक के पास पत्थर से दबाकर रखा गया था। अधिवक्ता के अनुसार, इस घटना के बाद अमिताभ ठाकुर काफी भयभीत हैं और उन्हें अपनी जान का खतरा महसूस हो रहा है।
बताया जा रहा है कि अमिताभ ठाकुर के खिलाफ लखनऊ निवासी संजय शर्मा ने सदर कोतवाली देवरिया में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोप है कि इंडस्ट्रियल एरिया पुरवां में उनकी पत्नी नूतन ठाकुर के नाम पर जमीन आवंटन के दौरान नाम में हेरफेर किया गया। उस समय पत्नी का नाम नूतन देवी दर्ज कराया गया था और पति के नाम में भी अंतर दर्शाया गया था। बाद में दोनों नामों को सही कराया गया और कुछ समय बाद यह प्लॉट उद्योग विभाग को सरेंडर कर दिया गया था।
गौरतलब है कि अमिताभ ठाकुर वर्ष 1999 से 2002 तक देवरिया जिले में पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनात रहे थे। इस जमीन आवंटन से जुड़े मामले में पहले भी लखनऊ में एफआईआर दर्ज हो चुकी है, जिसकी सुनवाई वहां राजस्व न्यायालय में चल रही है। इसके बावजूद दिसंबर महीने में देवरिया सदर कोतवाली में एक नई प्राथमिकी दर्ज कराई गई, जिसके बाद पुलिस ने अमिताभ ठाकुर को गिरफ्तार कर 11 दिसंबर को न्यायालय में पेश किया था। तब से वह जिला कारागार में बंद हैं।
इस मामले में उनके अधिवक्ता लगातार जमानत के प्रयास में जुटे हुए हैं। जिला जज की अदालत में 17 जनवरी को जमानत याचिका पर सुनवाई प्रस्तावित है। वहीं, जेल के भीतर धमकी मिलने की सूचना सामने आने के बाद प्रशासनिक स्तर पर हलचल मच गई है। अब यह देखना अहम होगा कि जेल प्रशासन और जिला प्रशासन इस गंभीर मामले में अमिताभ ठाकुर की सुरक्षा को लेकर क्या कदम उठाते हैं।

इसको भी पढ़ें : गाजीपुर बॉर्डर पर कैबिनेट मंत्री संजय निषाद को रोके जाने से हंगामा, प्रशासन पर लगाए गंभीर आरोप


Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

2 thoughts on “देवरिया जिला जेल में बंद पूर्व आईजी अमिताभ ठाकुर को मिली जान से मारने की धमकी, सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता”

Leave a Reply

error: