बोलता सच,लखनऊ : उत्तर प्रदेश के किसानों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। खराब मौसम के कारण फसलों को हुए नुकसान की भरपाई के लिए योगी आदित्यनाथ सरकार ने विशेष अभियान चलाने का फैसला लिया है। इसके तहत 4 मई को प्रदेश के सभी जिलों में फसल क्षतिपूर्ति वितरण कैंप लगाए जाएंगे, जहां किसानों को सीधे उनके खातों में मुआवजा राशि भेजी जाएगी।
सरकार खरीफ 2025 और रबी 2025-26 सीजन में हुई फसल क्षति की भरपाई कर रही है। आंकड़ों के मुताबिक खरीफ 2025 में कुल 730.04 करोड़ रुपये का भुगतान किया जाना था, जिसमें से 624.88 करोड़ रुपये पहले ही किसानों को दिए जा चुके हैं। अब शेष 105.16 करोड़ रुपये 4 मई को वितरित किए जाएंगे। वहीं, रबी 2025-26 की बची 17.11 करोड़ रुपये की राशि भी इसी दिन किसानों के खातों में ट्रांसफर की जाएगी। इस तरह कुल 122.28 करोड़ रुपये सीधे किसानों तक पहुंचेंगे।
कृषि सांख्यिकी एवं फसल बीमा निदेशक सुमिता सिंह के अनुसार, यह वितरण कार्यक्रम राज्यभर में आयोजित कैंपों के माध्यम से किया जाएगा, जिसमें जनप्रतिनिधि भी शामिल होंगे। योजना का संचालन प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत किया जा रहा है, जो खरीफ 2016 से प्रदेश में लागू है। इसके अलावा 60 जिलों में पुनर्गठित मौसम आधारित फसल बीमा योजना भी लागू की गई है।
यह योजना ग्राम पंचायत स्तर तक संचालित हो रही है, जिससे अधिक से अधिक किसानों को लाभ मिल सके। खरीफ सीजन की प्रमुख फसलों में धान, ज्वार, बाजरा, मक्का, उर्द, मूंग, अरहर, मूंगफली, सोयाबीन और तिल शामिल हैं, जबकि रबी सीजन में गेहूं, जौ, चना, मटर, मसूर, सरसों, अलसी और आलू जैसी फसलें कवर की गई हैं।
सरकार का दावा है कि किसानों के लिए प्रीमियम दरें काफी किफायती रखी गई हैं, ताकि अधिक से अधिक किसान इस योजना से जुड़ सकें। इस पहल से न केवल किसानों को आर्थिक राहत मिलेगी, बल्कि भविष्य में कृषि जोखिमों से निपटने की उनकी क्षमता भी मजबूत होगी।
इसे भी पढ़े : नोएडा में सार्वजनिक शौचालय बनेंगे कमाई का जरिया, 10 साल में 90 करोड़ राजस्व का लक्ष्य
➤ You May Also Like













































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































