बोलता सच,समस्तीपुर : बिहार के समस्तीपुर जिले में हुए एक कथित ‘हाफ एनकाउंटर’ को लेकर पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं। घायल युवक प्रिंस कुमार के पिता पिंटू ने पुलिस पर झूठे मामले में फंसाने और फर्जी एनकाउंटर करने का आरोप लगाया है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए पुलिस अधीक्षक को आवेदन सौंपा है।
प्रिंस कुमार के पिता ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उनके बेटे को पहले भी वर्ष 2022 में एक मामले में गिरफ्तार किया गया था, जबकि उस समय वह बेंगलुरु में मौजूद था। उन्होंने दावा किया कि उसी आधार पर कोर्ट से जमानत मिली थी। अब पुलिस ने फिर से किसी झूठे मामले में फंसाकर एनकाउंटर किया है। पिता का आरोप है कि पुलिस उनके बेटे को घर से उठाकर ले गई और बाद में उसे अपराधी बताकर गोली मार दी।
दरअसल, उजियारपुर थाना क्षेत्र में हुए एक लूटकांड की जांच के दौरान पुलिस ने पांच आरोपियों में से तीन को गिरफ्तार किया था। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के पास से बाइक भी बरामद की गई। पूछताछ में बदमाशों ने बताया कि घटना में इस्तेमाल हथियार भगवानपुर देसुआ स्थित एक बगीचे में छिपाकर रखा गया है।
पुलिस टीम जब आरोपियों को लेकर मौके पर पहुंची तो कथित तौर पर अपराधियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें प्रिंस कुमार के पैर में गोली लग गई। पुलिस का कहना है कि इसके बाद अन्य आरोपियों ने आत्मसमर्पण कर दिया।
वहीं, घायल प्रिंस की मां ने बेटे को निर्दोष बताते हुए कहा कि वह कोई अपराधी नहीं है और अपने पिता के काम में हाथ बंटाता था। उन्होंने बताया कि परिवार बेहद साधारण स्थिति में रहता है और वह खुद सिलाई कर घर चलाती हैं। प्रिंस दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के चकसेखु वार्ड-14 का निवासी है और उसने सातवीं कक्षा तक पढ़ाई की है।
प्रिंस के पिता ने आरोप लगाया कि पुलिस 19 मई को उनके बेटे को घर से उठाकर ले गई थी, लेकिन गिरफ्तारी की वजह नहीं बताई गई। उन्होंने कहा कि अगले दिन उन्हें एनकाउंटर की जानकारी मिली। पिता ने कहा कि वह इस मामले को लेकर वरिष्ठ अधिकारियों और मानवाधिकार आयोग तक जाएंगे।
फिलहाल पुलिस की ओर से मामले में विस्तृत आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वहीं, परिवार निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग कर रहा है।
इसे भी पढ़े : यूपी बीजेपी में बड़े संगठनात्मक बदलाव की तैयारी, 2027 चुनाव से पहले नई टीम पर मंथन तेज
➤ You May Also Like


























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































