बोलता सच,कानपुर : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की बेटी के खिलाफ सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी किए जाने के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। नामजद तीन आरोपियों में से एक का सोशल मीडिया अकाउंट अमेरिका के पेन्सिलवेनिया से संचालित होने की जानकारी मिली है, जबकि अन्य दो आरोपी उत्तर प्रदेश के अमरोहा और जौनपुर जिले के निवासी बताए जा रहे हैं।
इस मामले में सपा अधिवक्ता सभा के राष्ट्रीय सचिव प्रवीण यादव ‘बंटी’ ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर भरत पटेल, नागेश्वर सिंह और विनोद कुमार यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
रिपोर्ट में आरोप लगाया गया कि इन नामों से संचालित सोशल मीडिया अकाउंट्स के माध्यम से अखिलेश यादव की बेटी के खिलाफ आपत्तिजनक और अभद्र टिप्पणियों वाले संदेशों को प्रसारित और बढ़ावा दिया गया। पुलिस ने सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम सहित मानहानि से संबंधित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान क्राइम ब्रांच की टीम ने संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट्स और उनकी फ्रेंड लिस्ट की पड़ताल की। प्रारंभिक जांच में पता चला कि भरत कुमार पटेल नामक अकाउंट अमेरिका के पेन्सिलवेनिया से संचालित हो रहा था। वहीं, नागेश्वर सिंह अमरोहा का निवासी है, जबकि विनोद कुमार यादव जौनपुर का रहने वाला है और ऑटो चालक के रूप में कार्य करता है।
पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने बताया कि आरोपियों के संबंध में विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। अमेरिका से संचालित अकाउंट की जानकारी प्राप्त करने के लिए मेटा के मुख्यालय को ईमेल भेजा गया है। साथ ही अन्य दोनों आरोपियों के बारे में भी आवश्यक सूचनाएं एकत्र की जा रही हैं।
पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी और मामले में शामिल सभी व्यक्तियों की भूमिका की गहनता से जांच की जा रही है।
इसे भी पढ़े : शिव मंदिर सरोवर में नहाने के दौरान दो किशोर डूबे, एक की मौत, दूसरे की तलाश जारी
➤ You May Also Like
Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस
Subscribe to get the latest posts sent to your email.






















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































