Breaking News

गोरखपुर में अक्षयपात्रा के बेस किचन का उद्घाटन करेंगे मुख्यमंत्री योगी, रोजाना एक लाख बच्चों को मिलेगा मिड-डे मील

Bolta Sach News
|
Akshaya Patra base in Gorakhpur

बोलता सच,गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 25 जून से गोरखपुर के तीन दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल होंगे। दौरे का सबसे प्रमुख आकर्षण बरगदवा स्थित नकहा जंगल स्टेशन के पास निर्मित अक्षयपात्रा फाउंडेशन के अत्याधुनिक बेस किचन का उद्घाटन होगा। इस किचन से प्रतिदिन करीब एक लाख स्कूली बच्चों के लिए मध्याह्न भोजन (मिड-डे मील) तैयार किया जाएगा।

जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री 25 जून की शाम गोरखपुर पहुंचेंगे। सबसे पहले वे गोरखनाथ मंदिर में गुरु गोरखनाथ का दर्शन-पूजन करेंगे और कुछ समय मंदिर परिसर में बिताएंगे। इसके बाद शाम लगभग 5:30 बजे बरगदवा स्थित अक्षयपात्रा बेस किचन पहुंचकर उसका उद्घाटन करेंगे। उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री परिसर का निरीक्षण करेंगे और वहां उपस्थित लोगों को संबोधित भी करेंगे।

अत्याधुनिक तकनीक से बनेगा भोजन

अक्षयपात्रा का यह बेस किचन आधुनिक तकनीक और स्वचालित मशीनों से लैस है। यहां बड़े पैमाने पर स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण भोजन तैयार किया जाएगा। किचन में ऐसी मशीनें स्थापित की गई हैं जो कम समय में बड़ी मात्रा में भोजन तैयार करने में सक्षम हैं।

अक्षयपात्रा के जोनल हेड विक्रांत मोहन के अनुसार, इस बेस किचन में एक घंटे में 50 हजार रोटियां तैयार की जा सकेंगी। वहीं, आधुनिक स्टीम तकनीक के जरिए केवल 15 मिनट में 1200 लीटर चावल पकाए जा सकेंगे। पूरी व्यवस्था इस प्रकार विकसित की गई है कि मात्र तीन से चार घंटे के भीतर एक लाख बच्चों के लिए भोजन तैयार हो जाएगा।

उन्होंने बताया कि करीब तीन एकड़ क्षेत्रफल में बने इस परिसर में बेस किचन के साथ पार्किंग और अन्य आवश्यक सुविधाएं भी विकसित की गई हैं। यहां लगभग 200 कर्मचारी कार्य करेंगे, जबकि भोजन को स्कूलों तक पहुंचाने के लिए करीब 100 विशेष वाहन लगाए जाएंगे।

बच्चों की उपस्थिति के अनुसार पहुंचेगा भोजन

अक्षयपात्रा प्रबंधन के मुताबिक स्कूलों में दर्ज बच्चों की उपस्थिति के आधार पर प्रतिदिन भोजन तैयार किया जाएगा। भोजन तैयार होने के बाद उसे गर्म अवस्था में विशेष वाहनों के माध्यम से विभिन्न विद्यालयों तक पहुंचाया जाएगा। इससे बच्चों को पौष्टिक और ताजा भोजन उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

निजी अस्पताल का भी करेंगे उद्घाटन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने दौरे के दूसरे दिन यानी 26 जून को शहर के एक निजी अस्पताल के उद्घाटन कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। इस दौरान वे स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा कर सकते हैं।

भाजपा प्रशिक्षण वर्ग का करेंगे शुभारंभ

दौरे के अंतिम दिन 27 जून को मुख्यमंत्री भाजपा महानगर इकाई के दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग का उद्घाटन करेंगे। यह कार्यक्रम पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के तहत आयोजित किया जा रहा है। सुबह 10:30 बजे मुख्यमंत्री उद्घाटन सत्र को संबोधित करेंगे।

इस प्रशिक्षण वर्ग में सांसद रवि किशन, एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह, वर्तमान एवं पूर्व पदाधिकारी समेत कुल 173 प्रतिभागी शामिल होंगे। दो दिनों तक चलने वाले इस कार्यक्रम में कुल 16 सत्र आयोजित किए जाएंगे। पहले दिन प्रतिभागियों के लिए रात्रि प्रवास की भी व्यवस्था की गई है।

अयोध्या दर्शन के लिए जाएगी भाजपा टीम

प्रशिक्षण वर्ग समाप्त होने के बाद 28 जून को भाजपा के जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी सामूहिक रूप से अयोध्या दर्शन के लिए रवाना होंगे। पार्टी की ओर से इसके लिए वातानुकूलित बसों की व्यवस्था की गई है।

मुख्यमंत्री के इस दौरे को प्रशासनिक, शैक्षणिक और राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। विशेष रूप से अक्षयपात्रा के बेस किचन के शुरू होने से गोरखपुर और आसपास के क्षेत्रों के हजारों बच्चों को बेहतर गुणवत्ता वाला मध्याह्न भोजन उपलब्ध कराने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।


इसे भी पढ़े : ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण का बड़ा एक्शन, 14 बिल्डरों पर 315 करोड़ रुपये की वसूली की कार्रवाई


Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply

error: