Breaking News

गोरखनाथ मंदिर गेट पर युवक का हंगामा, पीएसी जवान से हाथापाई; असलहा छीनने की खबर अफवाह

Bolta Sach News
|
Youth murdered at Gorakhnath temple gate
बोलता सच,गोरखपुर : गोरखनाथ मंदिर में रविवार रात बलिया जिले के एक युवक ने दक्षिणी गेट पर हंगामा कर दिया और सुरक्षाकर्मियों से उलझ गया। आगे बढ़ने पर उसने एक पीएसी जवान से हाथापाई कर दी, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने आरोपी को पकड़कर गोरखनाथ थाना भेज दिया है। मामला पासपोर्ट आवेदन निरस्त होने से जुड़ा बताया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान राधेश्याम राजभर (निवासी चंद्रवार दुगौली, थाना नगरा, बलिया) के रूप में हुई है। उसके खिलाफ आबकारी एक्ट में दर्ज एक एफआईआर के कारण पासपोर्ट आवेदन निरस्त हो गया था। इसी संबंध में वह प्रार्थना पत्र लेकर मंदिर परिसर आया था। रात करीब 8:30 बजे दक्षिणी गेट पर पहले उसकी सुरक्षाकर्मियों से बहस हुई। तलाशी में कोई हथियार या आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली, जिसके बाद उसे प्रवेश दे दिया गया।

आगे बढ़ने पर पीएसी जवान ने उसे रोका और कार्यालय बंद होने की जानकारी दी। इसी बात पर वह भड़क गया और धक्का-मुक्की करने लगा। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल उसे काबू कर लिया।

सीओ गोरखनाथ रवि कुमार सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पासपोर्ट निरस्तीकरण का कारण आबकारी एक्ट का मामला सामने आया है। परिजनों ने भी पुलिस को बताया कि युवक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहती है।

इस बीच हाथापाई के बाद असलहा छीनने की सूचना फैलने से हलचल हुई, लेकिन एसपी मंदिर सुरक्षा संतोष सिंह ने स्पष्ट किया कि असलहा छीनने जैसी कोई घटना नहीं हुई। युवक ने केवल बदसलूकी और धक्का-मुक्की की थी। मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था सामान्य और सुरक्षित है। आरोपी से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।



Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply

error: