Breaking News

घने कोहरे में ओझल हुआ ताजमहल, दूर-दराज से आए पर्यटक मायूस लौटे

Bolta Sach News
|

बोलता सच,आगरा। उत्तर प्रदेश में ठंड बढ़ते ही कोहरे ने अपनी मौजूदगी दर्ज करा दी है। सोमवार को दिसंबर महीने का पहला घना कोहरा देखने को मिला, जिसने आगरा की पहचान ताजमहल को ही निगल लिया। सुबह सूरज के दर्शन नहीं हुए और चारों ओर धुंध की चादर छाई रही। इसका सबसे ज्यादा असर उन पर्यटकों पर पड़ा, जो हजारों किलोमीटर की दूरी तय कर ताजमहल की एक झलक पाने आगरा पहुंचे थे।

सुबह 6 से 7 बजे के बीच ताजमहल पहुंचे सैकड़ों पर्यटक घंटों इंतजार करते रहे, लेकिन घने कोहरे की वजह से मुगलकालीन स्थापत्य कला और बेजोड़ पच्चीकारी के दर्शन नहीं हो सके। धुंध इतनी घनी थी कि विशालकाय ताजमहल मानो आंखों से ओझल हो गया। करीब 11 बजे तक हालात ऐसे ही बने रहे और कई पर्यटक मायूस होकर बिना ताज देखे ही लौट गए।

20 दिसंबर तक कोहरे का अलर्ट

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक आगामी 20 दिसंबर तक घना कोहरा और बेहद कम दृश्यता बने रहने की संभावना है। सोमवार को सुबह से लेकर दोपहर 12 बजे तक आगरा समेत आसपास के इलाकों में धुंध छाई रही। खासकर खुले क्षेत्रों में दृश्यता लगभग शून्य रही। ताजमहल पर कई घंटों तक स्मॉग और कोहरे की चादर जमी रही, जिससे मुहब्बत की निशानी पूरी तरह छिप गई।

यातायात पर भी पड़ा असर

घने कोहरे और गलन भरी ठंड ने न सिर्फ पर्यटन बल्कि यातायात को भी प्रभावित किया। हाईवे पर वाहनों की रफ्तार थम सी गई। जो वाहन आम दिनों में तेज गति से चलते हैं, वे आज रेंगते नजर आए। दृश्यता कम होने के कारण वाहन चालकों को हेडलाइट और इंडिकेटर जलाकर बेहद सावधानी से सफर करना पड़ा।

मौसम की इस मार ने आगरा के आम जनजीवन को भी प्रभावित किया है। प्रशासन ने वाहन चालकों से सतर्कता बरतने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।


इसको भी पढ़ें : पंकज चौधरी बने यूपी बीजेपी अध्यक्ष, बेटे रोहन चौधरी की भी बढ़ी चर्चा


Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply

error: