बोलता सच,आगरा : शहर के व्यस्ततम मार्गों में शामिल एमजी रोड पर सड़क के बीच स्थित विवादित मजार को मंगलवार सुबह प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी में हटा दिया गया। अधिकारियों के अनुसार, मजार को मुस्लिम समुदाय की सहमति से दूसरे स्थान पर स्थानांतरित किया जा रहा है। इस कार्रवाई के बाद लंबे समय से यातायात में आ रही बाधा दूर होने की उम्मीद जताई जा रही है।
आगरा कॉलेज के सामने स्थित हजरत रुस्तम सईद शाह बाबा की मजार कई वर्षों से सड़क के बीचों-बीच मौजूद थी। शहर में बढ़ते यातायात दबाव के कारण यह स्थान ट्रैफिक जाम और सड़क दुर्घटनाओं का कारण बन रहा था। मंगलवार सुबह प्रशासन ने एहतियात के तौर पर एमजी रोड पर दोनों ओर का यातायात रोक दिया और बुलडोजर की सहायता से कुछ ही मिनटों में मजार को हटा दिया।
एडिशनल डीसीपी हिमांशु गौरव ने बताया कि मजार को सामने स्थित दरगाह परिसर में स्थानांतरित किया जाएगा। पूरी कार्रवाई प्रशासनिक निगरानी में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई गई।
लंबे समय से उठ रही थी हटाने की मांग
मजार को हटाने की मांग लंबे समय से विभिन्न सामाजिक और हिंदूवादी संगठनों द्वारा की जा रही थी। योगी यूथ ब्रिगेड के प्रदेश अध्यक्ष कुंवर अजय तोमर ने इस संबंध में प्रशासन से कई बार मांग की थी। मांग पूरी न होने पर उन्होंने जनवरी 2026 में न्यायालय में याचिका भी दायर की थी।
अजय तोमर का कहना है कि मजार के कारण यातायात प्रभावित होता था और कई सड़क हादसे भी हो चुके थे। उन्होंने यह भी दावा किया कि आसपास के कुछ अन्य निर्माण भी यातायात व्यवस्था में बाधा उत्पन्न कर रहे हैं।
यातायात व्यवस्था में सुधार की उम्मीद
स्थानीय समाजसेवी एवं भाजपा नेता केके भारद्वाज ने कहा कि एमजी रोड आगरा की प्रमुख सड़कों में से एक है। इस मार्ग पर कई महत्वपूर्ण सरकारी कार्यालय, एसएन मेडिकल कॉलेज, आगरा कॉलेज, सेंट जॉन्स कॉलेज समेत अनेक प्रतिष्ठान स्थित हैं। ऐसे में यहां प्रतिदिन भारी संख्या में वाहन और लोग आते-जाते हैं।
उन्होंने कहा कि मजार के कारण सड़क का एक हिस्सा प्रभावित रहता था, जिससे जाम की समस्या बढ़ जाती थी। वहीं, वर्तमान में एमजी रोड पर मेट्रो परियोजना का निर्माण कार्य भी चल रहा है, जिससे यातायात पहले से ही दबाव में है। ऐसे में इस अवरोध के हटने से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
प्रशासन का मानना है कि इस कार्रवाई के बाद एमजी रोड पर यातायात संचालन अधिक सुचारु होगा और दुर्घटनाओं की आशंका भी कम होगी।
इसे भी पढ़े : भारतीय क्रिकेटर आकाश दीप के घर पहुंचे सम्राट चौधरी, विवाह की दी अग्रिम शुभकामनाएं
➤ You May Also Like
Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस
Subscribe to get the latest posts sent to your email.

































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































