Breaking News

हापुड़ में Blinkit कर्मचारियों का प्रदर्शन, वेतन वृद्धि की मांग को लेकर हंगामा

Bolta Sach News
|
Blinkit employees in Hapur
बोलता सच,हापुड़ : हापुड़ के पिलखुवा क्षेत्र में शनिवार को Blinkit के कर्मचारियों ने वेतन वृद्धि की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन रिलायंस रोड स्थित कंपनी के वेयरहाउस के बाहर हुआ, जहां बड़ी संख्या में कर्मचारी एकत्र होकर धरने पर बैठ गए और प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की।
कर्मचारियों के प्रदर्शन और हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने और स्थिति को शांत करने का प्रयास किया। हालांकि कर्मचारियों के आक्रोश को देखते हुए इलाके में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बन गई।
प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों का कहना है कि वे लंबे समय से वेतन बढ़ोतरी की मांग कर रहे हैं, लेकिन उनकी मांगों पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। इसी कारण उन्होंने सामूहिक रूप से आंदोलन का रास्ता अपनाया। कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी, तब तक उनका प्रदर्शन जारी रहेगा।
धरना प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिला कर्मचारी भी शामिल रहीं। सभी ने एकजुट होकर कंपनी प्रबंधन के खिलाफ आवाज उठाई और अपनी समस्याओं को सामने रखा। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि बढ़ती महंगाई के बीच वर्तमान वेतन में गुजारा करना मुश्किल हो गया है।
गौरतलब है कि इससे पहले नोएडा में भी 10 से 13 अप्रैल के बीच इसी तरह का प्रदर्शन देखने को मिला था। वहां 12 और 13 अप्रैल को प्रदर्शन हिंसक हो गया था, जिसके बाद सरकार ने कर्मचारियों के लिए न्यूनतम वेतनमान में वृद्धि का आदेश जारी किया था। इसके बावजूद हापुड़ में कर्मचारियों का कहना है कि उन्हें अभी तक इसका लाभ नहीं मिला है।
मौके पर पहुंचीं सहायक श्रम आयुक्त सर्वेश कुमारी ने कर्मचारियों से बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले को गंभीरता से लिया जाएगा और कंपनी प्रबंधन के साथ बातचीत कर समाधान निकाला जाएगा।
प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रण में रखते हुए सुरक्षा के मद्देनजर वेयरहाउस के गेट को बंद करा दिया। पुलिस बल की तैनाती भी बढ़ा दी गई है, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।
फिलहाल, अधिकारियों और कंपनी प्रबंधन के बीच बातचीत की प्रक्रिया जारी है। वहीं प्रदर्शनकारी कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर अड़े हुए हैं और उनका कहना है कि जब तक वेतन वृद्धि पर स्पष्ट निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

इसे भी पढ़े : पटना में लॉन्च हुई नीतीश कुमार पर बनी शॉर्ट फिल्म, कार्यक्रम में भावुक हुए अशोक चौधरी


Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply

error: