Breaking News

देवरिया : डायट रामपुर कारखाना में फेयरवेल के दौरान भोजपुरी गानों पर नृत्य का वीडियो वायरल, जांच की मांग तेज

Bolta Sach News
|
Deoria DIET Rampur Factory
बोलता सच,देवरिया/रामपुर कारखाना। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) रामपुर कारखाना परिसर में आयोजित फेयरवेल कार्यक्रम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में छात्र-छात्राओं को भोजपुरी गीतों की धुन पर नृत्य करते देखा जा सकता है। यह कार्यक्रम शनिवार का बताया जा रहा है, हालांकि संवाद न्यूज एजेंसी वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करती है।
सोशल मीडिया पर सामने आए इस वीडियो में कुछ प्रशिक्षु मंच पर तेज भोजपुरी गानों पर नृत्य करते नजर आ रहे हैं। गीतों के बोल और नृत्य की शैली को लेकर लोगों की तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। कई यूजर्स और स्थानीय लोगों ने इसे शिक्षक प्रशिक्षण संस्थान की मर्यादा के विपरीत बताया है। उनका कहना है कि डायट जैसे संस्थान में, जहां भविष्य के शिक्षक तैयार किए जाते हैं, वहां इस तरह के कार्यक्रम संस्थान की गरिमा पर सवाल खड़े करते हैं।
वीडियो वायरल होने के बाद इलाके में हंगामा मच गया है। अभिभावकों और सामाजिक संगठनों ने शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रमों में अनुशासन और मर्यादा बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया है। उनका कहना है कि शिक्षकों से समाज एक आदर्श आचरण की अपेक्षा करता है और ऐसे दृश्य शिक्षक की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाते हैं।
मामले के तूल पकड़ने के बाद शिक्षा विभाग और डायट प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं। लोगों ने यह जानने की मांग की है कि डायट परिसर में इस तरह के कार्यक्रम की अनुमति कैसे दी गई। साथ ही यह भी पूछा जा रहा है कि कार्यक्रम के दौरान डायट के प्रवक्ता या कर्मचारी मौजूद थे या नहीं। यदि अधिकारी उपस्थित थे, तो उन्होंने इस पर आपत्ति क्यों नहीं जताई।
सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर यह मांग भी उठ रही है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए। यदि किसी तरह की अनियमितता या नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो दोषी प्रशिक्षुओं के साथ-साथ जिम्मेदार अधिकारियों पर भी कार्रवाई होनी चाहिए। इसके अलावा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की जा रही है।
वहीं कुछ प्रशिक्षुओं का कहना है कि यह कार्यक्रम वर्ष 2023 बैच के विद्यार्थियों को विदाई देने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था और इसे प्रशिक्षुओं ने आपसी सहमति से रखा था। उनका दावा है कि इसका उद्देश्य केवल फेयरवेल था, न कि किसी की भावना को ठेस पहुंचाना।
इस पूरे मामले पर डायट प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया था। हालांकि डायट प्राचार्य अनिल कुमार सिंह ने बताया कि शनिवार को 2024 बैच के विद्यार्थियों ने 2023 बैच को विदाई देने के लिए फेयरवेल पार्टी आयोजित की थी। उन्होंने कहा कि यदि जांच में यह पाया जाता है कि कार्यक्रम के दौरान अश्लील गीतों पर नृत्य किया गया है, तो मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। शिक्षा विभाग ने भी कहा है कि वीडियो की पुष्टि होने पर नियमानुसार कदम उठाए जाएंगे।

इसको भी पढ़ें : देवरिया में सड़कें बार-बार खोदने से मिलेगी राहत, पहले बिछेगी पेयजल पाइपलाइन फिर बनेगी सड़क


Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

1 thought on “देवरिया : डायट रामपुर कारखाना में फेयरवेल के दौरान भोजपुरी गानों पर नृत्य का वीडियो वायरल, जांच की मांग तेज”

Leave a Reply

error: