Breaking News

रामपुर कारखाना में अतिक्रमण हटाने के दौरान युवक को थप्पड़ मारने का वीडियो वायरल, जांच शुरू

Bolta Sach News
|
Removal of encroachment in Rampur factory
बोलता सच,देवरिया : देवरिया जिले के रामपुर कारखाना नगर पंचायत क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान एक युवक को कथित रूप से थप्पड़ मारने का वीडियो सामने आया है। शुक्रवार को हुई इस घटना का वीडियो शनिवार को सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार, नगर पंचायत द्वारा पूर्व में कई बार नोटिस और चेतावनी जारी किए जाने के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया गया था। इसके बाद प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए जेसीबी मशीन से कार्रवाई शुरू की। मुख्य चौराहे से सटी मेन रोड पर आधा दर्जन से अधिक दुकानों के चबूतरे तोड़े गए। अचानक शुरू हुई इस कार्रवाई से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। कुछ दुकानदारों ने सामान हटाया, जबकि कुछ ने विरोध भी जताया।
बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई मुख्य चौराहे की दोनों पटरियों पर सीमेंटेड नाला निर्माण के लिए की जा रही है। करमैनी दुर्गा मंदिर से मुख्य चौराहा होते हुए देवरिया-कसया मार्ग पर थाना परिसर के सामने से ईदगाह तक नाला निर्माण कार्य पहले ही पूरा हो चुका है। अब मुख्य चौराहे से बहरामपुर मोड़ तक निर्माण प्रस्तावित है।
सड़क की उत्तरी पटरी पर स्थित जनता इंटर कॉलेज की दुकानों सहित एक दर्जन से अधिक लोगों द्वारा कथित अवैध कब्जा किया गया था। नगर पंचायत ने पैमाइश के बाद कई बार नोटिस जारी किए थे। कार्रवाई के दौरान तहसीलदार सदर, थानाध्यक्ष देवेंद्र कुमार सिंह और अधिशासी अधिकारी रोहित पांडेय टीम के साथ मौजूद रहे।
इसी दौरान एक युवक जेसीबी कार्रवाई का वीडियो बना रहा था। आरोप है कि प्रभारी निरीक्षक ने उसे देखकर नाराजगी जताई और थप्पड़ मार दिया। एएसपी आनंद कुमार पांडेय ने बताया कि वायरल वीडियो की सत्यता की जांच कराई जा रही है। तथ्य सही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

इसको भी पढ़ें : मवाना-मेरठ हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, रोडवेज बस की टक्कर से दो सगे भाइयों की मौत


Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply

error: