Breaking News

गोरखपुर में इंटर कॉलेज के प्रिंसिपल ने की आत्महत्या, सुसाइड नोट में प्रेमिका और उसके परिवार पर लगाए आरोप

Bolta Sach News
|
Principal of Inter College in Gorakhpur

बोलता सच,गोरखपुर : उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में एक इंटर कॉलेज के प्रिंसिपल ने कथित प्रेम प्रसंग से परेशान होकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह घटना चौरी चौरा थाना क्षेत्र के इब्राहिमपुर गांव स्थित इंटर कॉलेज परिसर में हुई। पुलिस को मौके से मिले सुसाइड नोट और मोबाइल स्टेटस के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

मृतक की पहचान 30 वर्षीय धीरज सिंह के रूप में हुई है। वह गांव में स्थित अपनी दिवंगत मां पार्वती देवी के नाम पर संचालित इंटर कॉलेज में शिक्षक और प्रिंसिपल थे। उनके पिता दिनेश सिंह यादव गांव के पूर्व प्रधान और कॉलेज के प्रबंधक हैं।

कमरे का दरवाजा तोड़ने पर मिला शव

जानकारी के अनुसार, धीरज शनिवार रात भोजन के बाद कॉलेज परिसर में बने अपने कमरे में सोने चले गए थे। रविवार सुबह देर तक घर नहीं लौटने पर छोटे भाई को चिंता हुई। जब वह कॉलेज पहुंचा और कई बार आवाज देने के बावजूद दरवाजा नहीं खुला, तो उसने दरवाजा तोड़ दिया। अंदर धीरज का शव पंखे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार और गांव में मातम छा गया। सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

सुसाइड नोट में लगाए गंभीर आरोप

पुलिस के मुताबिक, मृतक के मोबाइल और सुसाइड नोट से पता चला है कि उसका प्रेम संबंध उसी कॉलेज में पढ़ाने वाली एक शिक्षिका से था। सुसाइड नोट में धीरज ने अपनी मौत के लिए प्रेमिका और उसके परिवार को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों के बीच लंबे समय से संबंध थे और शादी को लेकर दोनों परिवारों में बातचीत भी हुई थी, लेकिन बाद में युवती और उसके परिजन मुकर गए। नोट में यह भी लिखा गया है कि उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई तथा ब्लैकमेल भी किया गया।

पुलिस कर रही जांच

ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने की सूचना मिली है। मोबाइल से मिले सुसाइड नोट के आधार पर एक युवती और उसके परिवार का नाम सामने आया है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


इसे भी पढ़े : नोएडा में पिज्जा बनाते समय थूकने का वीडियो वायरल, आरोपी हिरासत में


Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply

error: