बोलता सच,देवरिया। जिले के बरियारपुर थाना क्षेत्र में एक किशोरी से दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने पीड़िता की मां की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। घटना लगभग एक सप्ताह पुरानी बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, बरियारपुर गांव की रहने वाली एक किशोरी के साथ गांव के ही 60 वर्षीय रामसनेही पर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया गया है। आरोप है कि घटना के बाद आरोपी पीड़ित परिवार पर मामला दर्ज न कराने का दबाव भी बना रहा था।
पीड़िता की मां ने सोमवार देर शाम बरियारपुर थाने में तहरीर देकर न्याय की मांग की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64(2)(K) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
समझौते के प्रयास रहे विफल
घटना के बाद गांव में दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने की कोशिशें भी की गईं, लेकिन कोई सहमति नहीं बन सकी। इसके बाद पीड़िता की मां ने थाने पहुंचकर कानूनी कार्रवाई की मांग की।
तहरीर में आरोप लगाया गया कि आरोपी ने किशोरी के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। मामला सामने आने के बाद पीड़ित परिवार न्याय की मांग पर अडिग रहा।
घर से गिरफ्तार हुआ आरोपी
मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और मंगलवार को आरोपी रामसनेही को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
थानाध्यक्ष दीपक सिंह ने बताया कि मामले में प्राप्त शिकायत और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि प्रकरण की विवेचना जारी है और सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
इसे भी पढ़े : ग्रेट निकोबार की वन संपदा बचाने के लिए देवरिया में कांग्रेस का जन-जागरण अभियान, सैकड़ों लोगों ने किए हस्ताक्षर
➤ You May Also Like
Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस
Subscribe to get the latest posts sent to your email.













































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































