बोलता सच,देवरिया : तरकुलवा थाना पुलिस ने वाहन चोरी की घटनाओं का सफल खुलासा करते हुए एक बाल अपचारी सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की तीन मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। आरोपी इन वाहनों को बिहार में बेचने की तैयारी कर रहे थे।
पुलिस को सूचना मिली थी कि मदारीपट्टी जंगल स्थित मैनपुर नदी पुल के पास कुछ युवक चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर कार्रवाई की और तरकुलवा निवासी विशाल मद्धेशिया (22), केसरीपुर निवासी बृजेश गुप्ता (19) तथा एक बाल अपचारी को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से बिना नंबर प्लेट की एक सफेद रंग की अपाचे मोटरसाइकिल बरामद हुई। जांच में यह बाइक तरकुलवा थाना क्षेत्र में दर्ज एक वाहन चोरी के मुकदमे से संबंधित पाई गई।
पूछताछ में आरोपियों ने अन्य चोरी की वारदातों का भी खुलासा किया। उन्होंने बताया कि 24 मई को कुशीनगर जिले के कसया थाना क्षेत्र स्थित नौका बिहार से एक हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल तथा 22 मई को देवघाट छितौनी में आई एक बारात से एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल चोरी की थी। दोनों वाहनों को उन्होंने मदारीपट्टी जंगल में झाड़ियों के बीच छिपाकर रखा था।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने मौके से दोनों मोटरसाइकिलें भी बरामद कर लीं। बरामद वाहनों में अपाचे, हीरो स्प्लेंडर और एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल शामिल हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गलत संगत में पड़ने के कारण वे अपने फिजूल खर्च पूरे करने के लिए बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। उनका इरादा चोरी की गई मोटरसाइकिलों को बिहार में बेचकर मुनाफा कमाने का था, लेकिन पुलिस ने समय रहते उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार विशाल मद्धेशिया के खिलाफ पहले भी वाहन चोरी का मामला दर्ज है, जबकि बृजेश गुप्ता पर मारपीट समेत अन्य मामलों में मुकदमे दर्ज हैं।
इसे भी पढ़े : देवरिया मेडिकल कॉलेज में लापरवाही का आरोप, दाहिने हाथ में फ्रैक्चर के बावजूद बाएं हाथ में चढ़ा दिया प्लास्टर
➤ You May Also Like
Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस
Subscribe to get the latest posts sent to your email.










































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































