बोलता सच,गोरखपुर : योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में आयोजित ‘शिक्षामित्र सम्मान समारोह’ के दौरान सांसद रवि किशन को लेकर हल्के-फुल्के अंदाज में चुटकी ली, जिससे कार्यक्रम में मौजूद लोग ठहाके लगाने लगे।
सीएम योगी ने बताया कि कार्यक्रम में आते समय रवि किशन ने उन्हें बताया कि उन्हें डॉक्टरेट (मानद) की उपाधि मिली है और अब वे अपने नाम के आगे ‘प्रोफेसर’ लिखना चाहते हैं। इस पर सीएम योगी ने मजाकिया लहजे में कहा कि मानद उपाधि के आधार पर ‘प्रोफेसर’ नहीं लिखा जा सकता और न ही इससे कोई नौकरी मिलती है। उन्होंने हंसते हुए कहा कि इस उपाधि को “गले में टांग कर घूम सकते हैं।”
उन्होंने आगे तंज करते हुए कहा कि अगर इस तरह ‘डॉक्टर’ लिखकर कोई इलाज करने चला जाए तो मरीज का क्या हाल होगा। सीएम की इस टिप्पणी पर मंच और सभा में मौजूद लोग हंस पड़े, वहीं खुद रवि किशन भी मुस्कुराते नजर आए।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने शिक्षामित्रों के मुद्दे पर भी विस्तार से बात की। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों द्वारा नियमों का पालन किए बिना शिक्षामित्रों को सहायक शिक्षक बनाने की प्रक्रिया शुरू की गई थी, जिसे बाद में अदालत ने खारिज कर दिया। उस समय सरकार के सामने करीब डेढ़ लाख परिवारों के भविष्य को सुरक्षित रखने की चुनौती थी।
सीएम योगी ने बताया कि उनकी सरकार ने शिक्षामित्रों की सेवाएं समाप्त करने के बजाय उन्हें सहयोग देने का निर्णय लिया। वर्ष 2017 में उनका मानदेय 3500 रुपये से बढ़ाकर 10,000 रुपये किया गया था, जिसे अब बढ़ाकर 18,000 रुपये कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि अप्रैल माह से ही इस बढ़े हुए मानदेय का भुगतान शुरू कर दिया गया है।
इस अवसर पर रवि किशन को हाल ही में एक विश्वविद्यालय द्वारा दी गई मानद डॉक्टरेट उपाधि का भी जिक्र हुआ। उन्होंने इस सम्मान को गोरखपुर की जनता को समर्पित करते हुए सभी का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षामित्र और स्थानीय लोग मौजूद रहे, जहां सरकार की योजनाओं और शिक्षा क्षेत्र को सशक्त बनाने के संकल्प को दोहराया गया।
इसे भी पढ़े : पटना के गांधी मैदान में मंत्रिमंडल विस्तार की तैयारी तेज, 6-7 मई को हो सकता है शपथ ग्रहण
➤ You May Also Like

















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































