Breaking News

बीएमसी समेत 29 नगर निगमों के चुनाव की तारीखें घोषित, 15 जनवरी को मतदान

Bolta Sach News
|
29 municipal corporations including BMC

बोलता सच,महाराष्ट्र : महाराष्ट्र में बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) समेत 29 नगर निगमों के चुनाव को लेकर राज्य चुनाव आयोग ने तारीखों का एलान कर दिया है। आयोग के मुताबिक, मतदान 15 जनवरी 2026 को कराया जाएगा, जबकि मतगणना 16 जनवरी 2026 को होगी।

राज्य चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि चुनाव शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मतदान के दिन सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे और मतदाताओं की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाएगा।

राज्य निर्वाचन आयुक्त दिनेश वाघमारे ने मुंबई में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि इन 29 नगर निगमों में कुल 2,869 सीटों के लिए चुनाव होंगे। इस दौरान करीब 3.48 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

चुनावी कार्यक्रम

चुनाव आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार—

  • नामांकन दाखिल करने की शुरुआत: 23 दिसंबर

  • नामांकन की अंतिम तिथि: 30 दिसंबर

  • नामांकन पत्रों की जांच: 31 दिसंबर

  • नाम वापस लेने की अंतिम तिथि: 2 जनवरी

  • चुनाव चिह्न आवंटन व उम्मीदवारों की अंतिम सूची: 3 जनवरी

  • मतदान: 15 जनवरी

  • मतगणना: 16 जनवरी

राजनीतिक हलचल तेज

बीएमसी चुनाव को महाराष्ट्र की राजनीति के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। तारीखों की घोषणा के साथ ही राजनीतिक दलों की गतिविधियां तेज होने की संभावना है। वर्ष 2017 में हुए पिछले नगर निकाय चुनावों में कांग्रेस का प्रदर्शन कमजोर रहा था और पार्टी को केवल 30 सीटें मिली थीं। हाल ही में महाराष्ट्र प्रभारी रमेश चेन्निथला ने घोषणा की थी कि कांग्रेस बीएमसी चुनाव स्वतंत्र रूप से लड़ेगी और सभी 227 वार्डों में अपने उम्मीदवार उतारेगी।

इन नगर निगमों में होंगे चुनाव

जिन प्रमुख नगर निगमों में चुनाव कराए जाएंगे, उनमें मुंबई, नवी मुंबई, ठाणे, पुणे, नासिक, नागपुर और छत्रपति संभाजीनगर शामिल हैं। उल्लेखनीय है कि मुंबई समेत कई नगर निगमों के चुनाव वर्ष 2022 से लंबित थे। अब इन चुनावों के जरिए शहरों की सत्ता का फैसला मतदाता करेंगे।

Join WhatsApp

Join Now

1 thought on “बीएमसी समेत 29 नगर निगमों के चुनाव की तारीखें घोषित, 15 जनवरी को मतदान”

Leave a Reply