बोलता सच ,लखनऊ। प्रदेश में 45 हजार से अधिक पदों पर होमगार्ड स्वयंसेवकों की भर्ती का रास्ता अब साफ हो गया है। शासन ने इसका शासनादेश जारी करते हुए गाइडलाइन तय कर दी है। भर्ती की जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) को सौंपी गई है। जिलों से रिक्त पदों का प्रस्ताव होमगार्ड मुख्यालय के माध्यम से बोर्ड को भेजा जाएगा, जिसके बाद ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू होगी।
आयु सीमा और प्रक्रिया
भर्ती के लिए अभ्यर्थियों की आयु 18 से 30 वर्ष निर्धारित की गई है। भर्ती प्रक्रिया में पहले लिखित परीक्षा होगी, इसके बाद शारीरिक मानक परीक्षण (PST), दस्तावेजों का सत्यापन, और शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) कराई जाएगी। इन सभी चरणों में सफल अभ्यर्थियों की अंतिम चयन सूची जिलावार जारी की जाएगी।
प्रमुख सचिव (होमगार्ड) राजेश कुमार सिंह द्वारा जारी शासनादेश के अनुसार, जिलों को पुरुष और महिला रिक्तियों की संख्या अलग-अलग स्पष्ट करनी होगी। आरक्षण नियमों का पालन करते हुए प्रस्ताव कमांडेंट जनरल को भेजे जाएंगे, जो डीजी होमगार्ड के माध्यम से बोर्ड को अग्रसारित करेंगे।
कौन होंगे अपात्र
आदेश के मुताबिक, शारीरिक या मानसिक रूप से अक्षम व्यक्ति, दिव्यांग, और शासकीय या अर्द्धशासकीय सेवा में कार्यरत लोग एनरोलमेंट के पात्र नहीं होंगे। इसके अलावा,
-
किसी अदालत में आपराधिक मुकदमा लंबित होने पर,
-
सरकारी पद से बर्खास्त व्यक्ति,
-
और जिनके एक से अधिक पति या पत्नी जीवित हैं,
वे भी आवेदन नहीं कर पाएंगे।
साथ ही, आवेदनकर्ता का उस जिले का मूल निवासी होना आवश्यक होगा, जिसकी रिक्ति के लिए आवेदन किया गया है।
गाइडलाइन के मुख्य बिंदु
-
शैक्षणिक योग्यता: हाईस्कूल या समकक्ष परीक्षा उत्तीर्ण।
-
एनसीसी प्रमाणपत्र धारकों को 1 से 3 अंक अतिरिक्त मिलेंगे।
-
आपदा मित्र प्रमाणपत्र धारकों को 3 अतिरिक्त अंक।
-
चारपहिया वाहन का वैध लाइसेंस होने पर 1 अतिरिक्त अंक।
-
100 अंकों की वस्तुनिष्ठ लिखित परीक्षा दो घंटे की होगी।
-
परीक्षा का पाठ्यक्रम और शुल्क भर्ती बोर्ड तय करेगा।
-
जिलावार मेरिट लिस्ट बनेगी, कोई प्रतीक्षा सूची नहीं बनेगी।
शारीरिक मानक
पुरुष अभ्यर्थी:
-
सामान्य, एससी, ओबीसी: ऊंचाई न्यूनतम 168 सेमी
-
एसटी: ऊंचाई न्यूनतम 160 सेमी
महिला अभ्यर्थी:
-
सामान्य, एससी, ओबीसी: ऊंचाई न्यूनतम 152 सेमी
-
एसटी: ऊंचाई न्यूनतम 147 सेमी
-
वजन: न्यूनतम 40 किलो
शासनादेश जारी होने के साथ ही प्रदेश के युवाओं में उत्साह है। माना जा रहा है कि यह भर्ती प्रक्रिया राज्य की सबसे बड़ी होमगार्ड भर्ती में से एक होगी।
इस खबर को भी पढ़ें : प्रियंका गांधी का केंद्र पर हमला — कहा, “बिहार में 65 लाख मतदाताओं का नाम काटना नागरिकता छीनने जैसा कदम”
➤ You May Also Like






















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































