Breaking News

रेलवे स्टेशन के पास 50 लाख रुपये के साथ संदिग्ध व्यक्ति गिरफ्तार, हवाला नेटवर्क की आशंका

Bolta Sach News
|
50 lakh rupees near the railway station
बोलता सच,गोरखपुर/कैंट : कैंट पुलिस ने शुक्रवार देर शाम रेलवे स्टेशन के गेट नंबर छह के पास से डुमरियागंज (जिला सिद्धार्थनगर) निवासी एक व्यक्ति को संदिग्ध हालत में 50 लाख रुपये नकद के साथ गिरफ्तार किया। पकड़े गए व्यक्ति ने पूछताछ में अपना नाम राजीव जायसवाल उर्फ राजू (52) बताया, जो खुद को दुकानदार बता रहा है। हालांकि, इतनी बड़ी रकम के बारे में वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर आयकर विभाग को सूचना दी। प्रारंभिक तौर पर इस रकम के हवाला नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है।
कैंट थाना पुलिस के अनुसार, राजीव जायसवाल शुक्रवार शाम करीब पांच बजे गोरखपुर बस अड्डे पर पहुंचा था। वहां से वह पैदल रेलवे स्टेशन होते हुए धर्मशाला बाजार की ओर जा रहा था। इसी दौरान स्कूटी सवार दो युवक पहले से मौजूद थे, जिन्होंने उसे एक बैग सौंपा। बैग लेकर जैसे ही राजीव आगे बढ़ा, रेलवे स्टेशन के गेट नंबर छह पर तैनात चौकी प्रभारी सुधांशु सिंह की नजर उसकी गतिविधियों पर पड़ी और उन्हें शक हो गया।
पुलिस को देखकर राजीव के घबराने और भागने की कोशिश करने से संदेह और गहरा गया। तत्परता दिखाते हुए पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान जब बैग खोला गया तो उसमें भारी मात्रा में नकदी देख पुलिसकर्मी भी चौंक गए।
पूछताछ में राजीव ने बताया कि वह स्कूटी सवार युवकों को नहीं जानता और उसे ये रुपये फरेंदा पहुंचाने थे। उसने यह भी दावा किया कि उसके भांजे ने फोन पर कहा था कि वही जानता है कि पैसे किसके हैं और युवक कौन थे, लेकिन इस संबंध में वह कोई ठोस सबूत नहीं दे सका।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत आयकर विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंची आयकर विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से मशीन से रुपये गिने और पूरी नकदी को सील कर कब्जे में ले लिया। देर रात तक आयकर विभाग की टीम राजीव से पूछताछ करती रही।
एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने बताया कि पुलिस स्कूटी सवार युवकों और रकम के स्रोत की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकेगी।

इसको भी पढ़ें : हाथरस में नए साल पर मातम: पढ़ाई को लेकर डांट से आहत 15 वर्षीय किशोर ने की आत्महत्या

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply