Breaking News

शामली में मामूली विवाद ने ली छात्र की जान, बस स्टैंड पर चाकू से गोदकर गोली मारकर हत्या

Bolta Sach News
|
A minor dispute took place in Shamli.

बोलता सच,शामली : उत्तर प्रदेश के शामली जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। कैराना क्षेत्र के इस्सोपुर टील गांव में रविवार को मामूली विवाद के चलते कक्षा 12 के एक छात्र की बेरहमी से हत्या कर दी गई। हमलावर ने पहले छात्र पर चाकुओं से ताबड़तोड़ वार किए और फिर बेहद नजदीक से तमंचे से गोली मारकर उसकी जान ले ली। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

मृतक की पहचान 18 वर्षीय अरशद, पुत्र सलीम, निवासी इस्सोपुर टील गांव के रूप में हुई है। अरशद मुरली मनोहर इंटर कॉलेज में कक्षा 12 का छात्र था। परिजनों के अनुसार, दो दिन पहले अरशद का गांव के ही एक अन्य छात्र से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद से रंजिश चल रही थी। आशंका जताई जा रही है कि इसी रंजिश के चलते हत्या को अंजाम दिया गया।


दोस्त के फोन के बाद घर से निकला, फिर नहीं लौटा

परिजनों ने बताया कि रविवार को अरशद अपनी मां इमराना के साथ किसी काम से कैराना गया था। दोपहर करीब ढाई बजे वह खरीदारी कर गांव लौटा। कुछ देर बाद उसके मोबाइल पर दोस्त विराट का फोन आया। बातचीत के दौरान अरशद ने यह कहकर घर से निकलने की बात कही कि वह थोड़ी देर में वापस आ जाएगा, लेकिन वह लौटकर नहीं आया।

कुछ समय बाद परिजनों को सूचना मिली कि गांव के बस स्टैंड पर अरशद पर चाकुओं से हमला कर गोली मार दी गई है। सूचना मिलते ही परिजन बदहवास हालत में मौके पर पहुंचे। गंभीर रूप से घायल अरशद को पीआरवी-112 की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।


पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची

घटना की जानकारी मिलते ही सीओ कैराना हेमंत कुमार, एएसपी सुमित शुक्ला और थाना प्रभारी सतीश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए और खून के नमूने एकत्र किए। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त 315 बोर का तमंचा भी घटनास्थल से बरामद किया है।


पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

एएसपी सुमित शुक्ला ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा। हत्या के पीछे की वजह और आरोपियों की पहचान को लेकर जांच की जा रही है। पुलिस ने जल्द ही घटना के खुलासे का भरोसा दिलाया है।


इसको भी पढ़ें : कोडीन कफ सिरप तस्करी मामले में सोनभद्र पुलिस का बड़ा एक्शन, भोला प्रसाद की 5.77 करोड़ की और संपत्ति कुर्क

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply