Breaking News

घने कोहरे को लेकर एएआई की एडवाइजरी, उत्तर भारत के हवाई अड्डों पर उड़ानों में देरी की आशंका

Bolta Sach News
|
AAI on dense fog
बोलता सच,नई दिल्ली। भारतीय हवाई अड्डा प्राधिकरण (एएआई) ने गुरुवार को उत्तर भारत में घने कोहरे को देखते हुए यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है। एएआई ने चेतावनी दी है कि कम दृश्यता के कारण कई हवाई अड्डों पर उड़ानों के संचालन में देरी हो सकती है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जारी मौसम चेतावनी में एएआई ने कहा कि उत्तर भारत के कई हवाई अड्डे लगातार धुंध की चपेट में हैं, जिससे दृश्यता प्रभावित हो रही है। ऐसे में उड़ानों में विलंब की संभावना बनी हुई है। प्राधिकरण ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे हवाई अड्डा जाने से पहले अपनी उड़ान की स्थिति संबंधित एयरलाइन से जरूर जांच लें और यात्रा के लिए अतिरिक्त समय लेकर निकलें।
एएआई ने यात्रियों से यह भी अनुरोध किया है कि वे हवाई अड्डों की आधिकारिक वेबसाइट और सोशल मीडिया हैंडल पर उपलब्ध रियल टाइम अपडेट पर नजर रखें, ताकि किसी असुविधा से बचा जा सके।
इंडिगो ने भी जारी की चेतावनी
इस बीच, देश की प्रमुख एयरलाइन इंडिगो ने भी गुरुवार सुबह एडवाइजरी जारी की है। एयरलाइन ने बताया कि रांची, पटना और वाराणसी में कम दृश्यता और घने कोहरे के चलते उड़ान संचालन प्रभावित हो सकता है। इंडिगो ने कहा कि वह मौसम की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और यात्रियों की सुरक्षित व सुचारु यात्रा सुनिश्चित करने का प्रयास कर रही है।
एयरलाइन ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे अपनी उड़ान की स्थिति वेबसाइट या मोबाइल ऐप के माध्यम से नियमित रूप से जांचते रहें। इंडिगो ने यह भी कहा कि उनकी टीम हर स्तर पर यात्रियों की सहायता के लिए उपलब्ध है और जैसे ही मौसम साफ होगा, उड़ानों का संचालन सामान्य होने की उम्मीद है।
दिल्ली एयरपोर्ट पर संचालन सामान्य
वहीं, दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (आईजीआई) ने सुबह 9:18 बजे जारी ट्रैवल एडवाइजरी में बताया कि फिलहाल सभी उड़ान संचालन सामान्य हैं। हालांकि, हवाई अड्डा प्रशासन ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे रियल टाइम जानकारी के लिए अपनी संबंधित एयरलाइन के संपर्क में बने रहें।
वायु गुणवत्ता भी चिंता का विषय
ये एडवाइजरी ऐसे समय में जारी की गई है, जब दिल्ली में घना कोहरा छाया हुआ है और वायु गुणवत्ता बेहद खराब श्रेणी में बनी हुई है। सुबह के समय कम दृश्यता के कारण न केवल सड़क यातायात बल्कि हवाई यातायात पर भी असर पड़ रहा है।

इसको भी पढ़ें : वाराणसी में जेसीबी की चपेट में आने से 8 वर्षीय बच्चे की मौत, सुंदरपुर चौराहे पर चक्का जाम

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply