Breaking News

अडानी ग्रुप की हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में एंट्री, देशभर में 60 से ज्यादा होटल बनाने की तैयारी

Bolta Sach News
|
Adani Group Hospitality
बोलता सच,नई दिल्ली: अडानी ग्रुप अब हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में बड़ी छलांग लगाने की तैयारी में है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, गौतम अडानी के नेतृत्व वाला यह समूह देश के सबसे बड़े होटल पोर्टफोलियो में से एक तैयार करने की योजना बना रहा है। यह कदम ग्रुप के तेजी से विस्तार कर रहे एयरपोर्ट और रियल एस्टेट कारोबार से जुड़ा हुआ है। इसके जरिए अडानी ग्रुप इन्फ्रास्ट्रक्चर से कमाई के नए रास्ते खोलेगा और टाटा ग्रुप के ताज, आईटीसी होटल्स और ओबेरॉय जैसे बड़े होटल ब्रांड्स को कड़ी टक्कर देगा।

अडानी ग्रुप देशभर में 60 से अधिक होटल विकसित करने की योजना पर काम कर रहा है। ये होटल मुख्य रूप से ग्रुप के एयरपोर्ट्स और उससे जुड़े रियल एस्टेट प्रोजेक्ट्स के आसपास बनाए जाएंगे। फिलहाल अडानी ग्रुप सात एयरपोर्ट का संचालन कर रहा है, जबकि नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट का निर्माण भी उसी के हाथों में है। इसके अलावा, ग्रुप की नजर उन 11 एयरपोर्ट्स पर भी है, जिन्हें आने वाले समय में निजी कंपनियों को सौंपा जाना है। इनमें अमृतसर और वाराणसी एयरपोर्ट भी शामिल हैं।

होटलों का निर्माण ज्यादातर अडानी ग्रुप खुद करेगा, हालांकि मुंबई एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 के पास स्थित सहारा स्टार होटल इसमें एक अपवाद होगा। अडानी ग्रुप के डायरेक्टर जीत अडानी के अनुसार, सिर्फ होटलों की संख्या के लिहाज से ही यह पोर्टफोलियो देश के सबसे बड़े होटल समूहों में गिना जाएगा। इस पूरी योजना का केंद्र नवी मुंबई है, जहां नए अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के साथ-साथ बड़े पैमाने पर रियल एस्टेट विकास किया जा रहा है। अकेले नवी मुंबई में करीब 15 होटल बनाने की तैयारी है।

अडानी ग्रुप अपने होटलों को खुद के ब्रांड नाम से चलाने के बजाय अंतरराष्ट्रीय होटल ऑपरेटरों के साथ साझेदारी करेगा। यानी ग्रुप होटल संपत्तियों का निर्माण और स्वामित्व रखेगा, जबकि संचालन, प्रबंधन और ब्रांडिंग का जिम्मा अनुभवी विदेशी होटल कंपनियों के पास होगा।

हॉस्पिटैलिटी में यह विस्तार अडानी ग्रुप की बड़ी रणनीति का हिस्सा है, जिसके तहत वह अपने एयरपोर्ट्स को मल्टी-यूज़ अर्बन हब के रूप में विकसित करना चाहता है। इन एयरपोर्ट्स के आसपास रिटेल, फूड एंड बेवरेज, कन्वेंशन सेंटर और मनोरंजन से जुड़े प्रोजेक्ट्स भी विकसित किए जाएंगे।


इसको भी पढ़ें : मुंबई विजय हजारे ट्रॉफी टीम घोषित, रोहित शर्मा शुरुआती दो मैचों में खेलेंगे

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply