बोलता सच,देवरिया/तरकुलवा। तीन माह पूर्व पनकी इंडस्ट्रियल एरिया में दम घुटने से जान गंवाने वाले चार मजदूरों के आश्रितों को अब सरकार की ओर से आर्थिक सहायता दी जाएगी। प्रत्येक मृतक के परिजन को मुख्यमंत्री राहत कोष से दो-दो लाख रुपये की सहायता स्वीकृत की गई है।
जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के ग्राम तवक्कलपुर निवासी अमित बरनवाल (32), राहुल सिंह (23), संजीव उर्फ संजू सिंह (22) और दाऊद अंसारी (28) कानपुर के पनकी स्थित एक निर्माणाधीन ऑयल सीड्स फैक्ट्री में कार्यरत थे। 22 नवंबर की रात भोजन के बाद ठंड से बचने के लिए वे लोग कमरे में अंगीठी जलाकर सो गए। बताया गया कि वॉयलर टेस्टिंग के लिए लाई गई अंगीठी में कोयला जलाकर कमरा बंद कर लिया गया था। सुबह चारों मजदूर मृत पाए गए। प्रारंभिक जांच में मौत का कारण दम घुटना बताया गया।
जब चारों के शव गांव पहुंचे तो पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई थी। परिजनों की आर्थिक स्थिति को देखते हुए सहायता की मांग उठी थी।
प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने मृतकों के घर पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की थी और हरसंभव मदद का आश्वासन दिया था। उनकी पहल पर मुख्यमंत्री राहत कोष से चारों मृतकों के आश्रितों को दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने की स्वीकृति दी गई है।
इसको भी पढ़ें : 24 फरवरी को देवरिया में भव्य रोजगार महोत्सव, 15 से अधिक कंपनियां करेंगी चयन
➤ You May Also Like






















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































