बोलता सच : समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लखनऊ में भाजपा सरकार पर सीधा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य और केंद्र की भाजपा सरकारें व्यापारियों, छोटे कारोबारियों और आम जनता को डराकर अपनी नीतियां थोप रही हैं। दालमंडी के व्यापारियों के समर्थन में बोलते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा शासन में लोग खुलकर कारोबार नहीं कर पा रहे हैं, क्योंकि सरकार की नीति लोगों को इतना भयभीत करने की है कि वे अपनी बात तक न रख सकें।
अखिलेश ने कहा कि दालमंडी के व्यापारियों की आजीविका पर सरकारी फैसलों ने संकट खड़ा कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा चौड़ीकरण के नाम पर दुकानदारों को बेवकूफ बना रही है, जबकि असल उद्देश्य उन्हें उनकी जमीन से हटाना है। उनका कहना था कि एक-एक दुकान तैयार करने में वर्षों लग जाते हैं, लेकिन सरकार पल भर में इन्हें ढहा देना चाहती है। उन्होंने इसे “पॉलिटिकल डिमोलिशन” बताया और कहा कि भाजपा सिर्फ इसलिए ऐसा कर रही है क्योंकि वह उस क्षेत्र से चुनाव जीतने में असफल रही है।
अखिलेश यादव ने कहा, “बीजेपी की सोच बेहद संकीर्ण है। ये लोग अधिकारियों के जरिए दबाव बनाते हैं। मॉल बेच दिया, प्रोजेक्ट रोक दिए, और अब व्यापारियों को ही निशाना बनाया जा रहा है। वाराणसी को क्योटो बनाने के वादे को तो भूल ही गए, अब वहां डिवाइड एंड रूल की नीति चल रही है।”
उन्होंने दावा किया कि अगर दुकानदारों को नई जगह दुकानें दे भी दी गईं, तो ग्राहक कहां से आएंगे? “सरकार को यह समझना चाहिए कि सिर्फ दुकान देना काफी नहीं है, व्यापार का माहौल देना जरूरी है।”
उन्होंने आगे कहा कि आज जो भी मेट्रो चल रही है, वह सपा सरकार के समय की देन है। वाराणसी मेट्रो का डीपीआर भी सपा सरकार ने ही तैयार किया था, लेकिन भाजपा सरकार ने उसे रोक दिया।
लखनऊ के अकबरनगर में हुई कार्रवाई पर भी उन्होंने सवाल उठाए। अखिलेश ने कहा कि डिमोलिशन के नाम पर मनमाना मुआवजा लिया गया और लोगों को परेशान किया गया। “समय बदलेगा, और अधिकारियों से एक-एक चीज का हिसाब लिया जाएगा,” उन्होंने चेतावनी दी।
अखिलेश ने कहा कि भाजपा सरकार ने मेरठ के व्यापारियों को “रिटर्न गिफ्ट” के रूप में तोहफे में कार्रवाई दी है। उन्होंने दावा किया कि सपा पूरी तरह तैयार है और आने वाले चुनावों में भाजपा को हराकर जवाब देगी। उन्होंने यह भी कहा कि अयोध्या की जनता पहले ही भाजपा के खिलाफ वोट दे चुकी है और अब प्रदेश में बदलाव की लहर है।
कानून-व्यवस्था पर भी साधा निशाना
अपने संबोधन के दौरान अखिलेश ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि हत्याएं, लूट और अपहरण आम बात हो गई हैं। उन्होंने एटा और प्रयागराज की हालिया घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि न व्यापारी सुरक्षित हैं और न ही बेटियां।
अखिलेश ने कहा कि सरकार के पास सिर्फ भाषण हैं, लेकिन जमीनी सच्चाई कुछ और है। “भाजपा ने पूरे प्रदेश को अराजकता के रास्ते पर धकेल दिया है। मुख्यमंत्री और मंत्री कानून-व्यवस्था पर झूठे दावे करते हैं, जबकि सच्चाई उनके सामने ही खुल रही है।”
इसको भी पढ़ें : यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: दो IAS और आठ PCS अफसरों के तबादले, कई को नई जिम्मेदारी
➤ You May Also Like






















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































