बोलता सच,पटना : बिहार की राजनीति में एक बार फिर बाहुबली नेता अनंत सिंह को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उनकी सरकार पर तीखा हमला बोला है। RJD की राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रियंका भारती ने अपने एक्स (पूर्व ट्विटर) हैंडल पर वीडियो साझा करते हुए लिखा, “नायक नहीं, खलनायक है तू… सुशासन को धुएं में उड़ाता हुआ अनंत सिंह! नीतीश जी का दुलारा खलनायक अस्पताल में सिगरेट पीते हुए रीलबाजी कर रहा है।”
प्रियंका भारती द्वारा शेयर किए गए वीडियो में जेडीयू विधायक अनंत सिंह अपने समर्थकों से घिरे नजर आ रहे हैं। वीडियो में वह सफेद शर्ट-पैंट और नीली बंडी पहने हुए चलते हुए सिगरेट पीते दिखाई देते हैं। वीडियो के बैकग्राउंड में सुभाष घई की फिल्म ‘खलनायक’ का चर्चित गाना “नायक नहीं, खलनायक हूं मैं” बज रहा है। दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो पटना के आईजीआईएमएस अस्पताल परिसर का है, जहां अनंत सिंह नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए जाते हैं। हालांकि, वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।
गौरतलब है कि अनंत सिंह फिलहाल दुलारचंद यादव हत्याकांड के मामले में बेउर जेल में बंद हैं। इसके बावजूद सामने आए इस वीडियो ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। RJD नेताओं का आरोप है कि जेल में बंद होने के बावजूद अनंत सिंह को विशेष सुविधाएं दी जा रही हैं और कानून-व्यवस्था को खुलेआम चुनौती दी जा रही है।
इस वीडियो के सामने आते ही सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई है। कई यूजर्स ने सरकार पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया है। एक यूजर ने लिखा, “आम आदमी मास्क न पहने तो चालान कटता है, और ‘छोटे सरकार’ अस्पताल को हुक्का बार बना देते हैं। यह सिगरेट का धुआं नहीं, बिहार की जनता की उम्मीदों की राख है।”
एक अन्य यूजर ने टिप्पणी की, “नीतीश जी के सुशासन का धुआं अस्पताल से निकल रहा है। आम जनता पर नियम सख्त हैं, लेकिन बाहुबलियों के लिए सब माफ।”
RJD के अन्य नेताओं और प्रवक्ताओं ने भी इस वीडियो को लेकर नीतीश सरकार से जवाब मांगा है। विपक्ष का कहना है कि यह मामला केवल एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि बिहार में कानून व्यवस्था और तथाकथित ‘सुशासन’ की सच्चाई को उजागर करता है।
फिलहाल, इस पूरे मामले पर प्रशासन या जेडीयू की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन वायरल वीडियो ने बिहार की सियासत को एक बार फिर गरमा दिया है।
इसको भी पढ़ें : गाजीपुर बॉर्डर पर कैबिनेट मंत्री संजय निषाद को रोके जाने से हंगामा, प्रशासन पर लगाए गंभीर आरोप
➤ You May Also Like






















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































