बोलता सच,देवरिया। सामाजिक एकता, परिश्रम और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों के प्रतीक पर्व मकर संक्रांति के पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने अपने पैतृक ग्राम पकहां में आयोजित सामाजिक समरसता भोज एवं कम्बल वितरण कार्यक्रम में सहभागिता की। इस अवसर पर पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल देखने को मिला और बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक कार्यक्रम में शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान कृषि मंत्री ने गांव में आयोजित कृषि प्रदर्शनी का अवलोकन किया और किसानों से सीधा संवाद स्थापित किया। उन्होंने आधुनिक कृषि तकनीकों, उन्नत बीजों, प्राकृतिक खेती, फसल विविधीकरण और कृषि यंत्रों से जुड़ी जानकारियों को ध्यानपूर्वक देखा। कृषि मंत्री ने किसानों से खेती में नवाचार अपनाने, वैज्ञानिक पद्धतियों के प्रयोग और सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि किसान देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और उनकी समृद्धि से ही गांव और प्रदेश का विकास संभव है।
कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कार्यक्रम के दौरान गर्भवती महिलाओं को पोषक आहार का वितरण किया। उन्होंने कहा कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है और इसके लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से महिलाओं और बच्चों को पोषण उपलब्ध कराया जा रहा है। इस पहल से स्वस्थ समाज के निर्माण की दिशा में सकारात्मक संदेश गया।
कार्यक्रम का एक विशेष और भावनात्मक क्षण उस समय देखने को मिला, जब मंत्री ने छह माह के एक शिशु को खीर खिलाकर अन्नप्राशन संस्कार संपन्न कराया। ग्रामीणों ने इस पारंपरिक संस्कार को श्रद्धा और उत्साह के साथ देखा, जिससे कार्यक्रम में सांस्कृतिक रंग और गहराया।
अपने संबोधन में कृषि मंत्री ने कहा कि मकर संक्रांति केवल एक पर्व नहीं, बल्कि श्रम, सामाजिक समरसता और नई ऊर्जा का प्रतीक है। यह पर्व हमें परिश्रम के महत्व, एकता की भावना और प्रकृति के साथ सामंजस्य बनाकर जीवन जीने की प्रेरणा देता है। उन्होंने क्षेत्रवासियों को मकर संक्रांति की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। कृषि मंत्री ने कहा कि सरकार किसानों, महिलाओं और ग्रामीण समाज के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। कृषि क्षेत्र में तकनीकी सुधार, सिंचाई सुविधाओं का विस्तार और किसानों की आय बढ़ाने के लिए कई योजनाएं लागू की जा रही हैं।
कार्यक्रम के समापन पर सामाजिक समरस भोज का आयोजन किया गया, जिसमें सभी वर्गों के लोगों ने एक साथ भोजन कर आपसी भाईचारे और एकता का संदेश दिया। पूरे आयोजन ने मकर संक्रांति के सामाजिक और सांस्कृतिक महत्व को सजीव रूप में प्रस्तुत किया।
इसको भी पढ़ें : देवरिया में विवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर लगाया हत्या का आरोप
➤ You May Also Like























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































1 thought on “मकर संक्रांति पर पैतृक गांव पकहां में कृषि प्रदर्शनी का अवलोकन, समरसता भोज और मातृ-शिशु पोषण कार्यक्रम में शामिल हुए कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही”