बोलता सच,नई दिल्ली : भारतीय थलसेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी सोमवार को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के आधिकारिक दौरे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने यूएई थलसेना के कमांडर मेजर जनरल स्टाफ यूसुफ मायौफ सईद अल हलामी से मुलाकात की। बैठक में भारत और यूएई के बीच सैन्य सहयोग को और मजबूत करने, प्रशिक्षण में समन्वय बढ़ाने और द्विपक्षीय रक्षा साझेदारी को आगे बढ़ाने पर विस्तार से चर्चा हुई।
अपनी इस यात्रा के दौरान जनरल द्विवेदी ने यूएई में भारत के राजदूत डॉ. दीपक मित्तल से भी भेंट की। इस मुलाकात में दोनों देशों के बीच सामरिक सहयोग, रक्षा साझेदारी और सैन्य कूटनीति को और सुदृढ़ करने के उपायों पर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही, सैन्य स्तर पर आपसी तालमेल बढ़ाने के विभिन्न पहलुओं पर भी चर्चा हुई।
श्रीलंका का भी करेंगे दौरा
सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी 5 से 8 जनवरी तक यूएई और श्रीलंका की यात्रा पर हैं। यह दौरा भारत के मित्र राष्ट्रों के साथ रक्षा सहयोग और सैन्य संबंधों को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इस यात्रा का उद्देश्य क्षेत्रीय सुरक्षा में संयुक्त योगदान को बढ़ावा देना और सामरिक प्रतिबद्धता को और गहरा करना है।
प्रमुख सैन्य प्रतिष्ठानों का किया निरीक्षण
यूएई प्रवास के दौरान जनरल द्विवेदी ने देश के प्रमुख सैन्य प्रतिष्ठानों का भी दौरा किया। उन्होंने यूएई के राष्ट्रीय रक्षा महाविद्यालय का निरीक्षण किया, जहां उन्हें सैन्य अभियानों से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी गई। इस दौरान वे वहां उपस्थित अधिकारियों को संबोधित भी करेंगे। रक्षा मंत्रालय के अनुसार, इन कार्यक्रमों का उद्देश्य दोनों देशों के सशस्त्र बलों के बीच द्विपक्षीय रक्षा सहयोग, पेशेवर सैन्य संबंधों और रणनीतिक समझ को और अधिक सुदृढ़ करना है।
इसको भी पढ़ें : प्रियंका गांधी वाड्रा असम कांग्रेस की प्रत्याशी चयन समिति की अध्यक्ष नियुक्त
➤ You May Also Like






















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































