बोलता सच,क्रिकेट : ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच खेले जा रहे तीसरे एशेज टेस्ट मैच के दूसरे दिन का खेल समाप्त हो गया। स्टंप्स तक इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी में आठ विकेट पर 213 रन बना लिए हैं और वह ऑस्ट्रेलिया के पहली पारी के स्कोर से 158 रन पीछे चल रहा है। क्रीज पर कप्तान बेन स्टोक्स और जोफ्रा आर्चर डटे हुए हैं।
ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 371 रन बनाए थे। इंग्लैंड के लिए स्टोक्स 45 और आर्चर 30 रन बनाकर नाबाद हैं। दोनों के बीच नौवें विकेट के लिए अब तक 45 रनों की अहम साझेदारी हो चुकी है।
ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों का दबदबा
कप्तान पैट कमिंस की अगुआई में ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों ने इंग्लैंड को लगातार झटके दिए। कमिंस ने तीन विकेट झटके, जबकि स्कॉट बोलैंड और नाथन लियोन को दो-दो सफलताएं मिलीं। कैमरन ग्रीन ने भी एक विकेट लिया।
इंग्लैंड को लगे शुरुआती झटके
लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड को जैक क्रावले और बेन डकेट ने 37 रनों की अच्छी शुरुआत दिलाई, लेकिन कमिंस ने क्रावले (9) को आउट कर पहला झटका दिया। इसके बाद लियोन ने ओली पोप (2) और डकेट (29) को पवेलियन भेजा। जो रूट (19) भी कमिंस का शिकार बने।
स्टोक्स-ब्रूक की साझेदारी
शुरुआती विकेट गिरने के बाद स्टोक्स और हैरी ब्रूक ने पारी संभाली। दोनों के बीच पांचवें विकेट के लिए 56 रनों की साझेदारी हुई। ब्रूक 45 रन बनाकर कैमरन ग्रीन की गेंद पर आउट हुए। इसके बाद स्टोक्स ने जैमी स्मिथ (22) के साथ 32 रन जोड़े। स्मिथ को कमिंस ने आउट किया। बाद में बोलैंड ने विल जैक्स (6) और ब्राइडन कार्स (0) को आउट कर इंग्लैंड को और झटके दिए।
ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी का हाल
इससे पहले विकेटकीपर बल्लेबाज एलेक्स कैरी के करियर के तीसरे शतक और उस्मान ख्वाजा की 82 रन की पारी की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने 371 रन बनाए। मिचेल स्टार्क ने 54 रनों की तेज पारी खेली। इंग्लैंड के लिए जोफ्रा आर्चर ने लियोन का विकेट लेकर ऑस्ट्रेलिया की पारी का अंत किया। अब तीसरे दिन इंग्लैंड की कोशिश बढ़त को कम से कम करने और मैच में वापसी करने की होगी, जबकि ऑस्ट्रेलिया जल्दी विकेट लेकर दबदबा कायम रखना चाहेगा।
इसको भी पढ़ें : गीडा में एएनटीएफ की बड़ी कार्रवाई, 530 ग्राम हेरोइन के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
➤ You May Also Like






















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































