Breaking News

लखनऊ के प्राइम लोकेशन पर एलडीए का बड़ा ई-ऑक्शन, 1090 चौराहे और गोमती नगर विस्तार में ग्रुप हाउसिंग व हॉस्पिटल के भूखंड

Bolta Sach News
|
At a prime location in Lucknow

बोलता सच,लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में जल्द ही 1090 चौराहे, गोमती नगर विस्तार और डालीबाग जैसे प्राइम इलाकों में कॉमर्शियल कॉम्पलेक्स, हॉस्पिटल और ग्रुप हाउसिंग प्रोजेक्ट्स विकसित किए जाएंगे। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) अपनी व्यावसायिक संपत्तियों के इस बार के ई-ऑक्शन में शहर की सबसे प्रमुख लोकेशन वाले भूखंड शामिल करने जा रहा है। इन भूखंडों की खासियत बेहतर रोड कनेक्टिविटी के साथ-साथ पर्याप्त ग्रीन एरिया होगी।

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि गोमती नगर विस्तार के सेक्टर-7 में पुलिस मुख्यालय के पीछे 43.051 एकड़ भूमि पर ग्रुप हाउसिंग के 11 भूखंड और एक व्यावसायिक भूखंड प्रस्तावित किए गए हैं। हाल ही में एलडीए बोर्ड बैठक में इस योजना के ले-आउट को मंजूरी दी गई है। इसमें कुल भूमि का 15 प्रतिशत हिस्सा ग्रीन एरिया के लिए सुरक्षित रखा गया है। ये सभी भूखंड आगामी ई-ऑक्शन में शामिल किए जाएंगे।


ग्रुप हाउसिंग और कॉमर्शियल भूखंडों की आरक्षित दर

एलडीए उपाध्यक्ष ने बताया कि ग्रुप हाउसिंग के भूखंडों का क्षेत्रफल 5,295 वर्गमीटर से लेकर 11,934 वर्गमीटर तक है। इनकी आरक्षित दर 80,633 रुपये प्रति वर्गमीटर तय की गई है। वहीं 7,180 वर्गमीटर क्षेत्रफल वाले व्यावसायिक भूखंड की आरक्षित कीमत 82,864 रुपये प्रति वर्गमीटर रखी गई है।

इसके अलावा गोमती नगर विपिन खंड (विस्तार) में 1090 चौराहे के पास 5 व्यावसायिक भूखंड और एक हॉस्पिटल भूखंड भी ई-ऑक्शन में लगाया जाएगा। व्यावसायिक भूखंडों का क्षेत्रफल 51 वर्गमीटर से लेकर 11,175 वर्गमीटर तक है, जिनकी आरक्षित दर 1,18,855 रुपये से 1,28,230 रुपये प्रति वर्गमीटर निर्धारित की गई है। वहीं 1,615 वर्गमीटर क्षेत्रफल वाले हॉस्पिटल भूखंड की आरक्षित कीमत 97,413 रुपये प्रति वर्गमीटर तय की गई है।


डालीबाग में भी ग्रुप हाउसिंग के भूखंड

एलडीए के अनुसार, डालीबाग स्थित बटलर पैलेस रोड पर ग्रुप हाउसिंग के दो भूखंड भी इस बार ई-ऑक्शन में शामिल किए गए हैं। इनका क्षेत्रफल क्रमशः 2,026 वर्गमीटर और 2,097 वर्गमीटर है, जिनकी आरक्षित दर 88,334 रुपये प्रति वर्गमीटर रखी गई है।

प्रथमेश कुमार ने बताया कि हाल ही में डालीबाग में सरदार वल्लभ भाई पटेल आवासीय योजना के तहत 72 फ्लैट लॉन्च किए गए थे, जिनके लिए 8 हजार से अधिक आवेदन प्राप्त हुए। इससे साफ है कि डालीबाग क्षेत्र में बनने वाले अपार्टमेंट्स की मांग काफी अधिक है।


15 दिसंबर से खुलेगा ई-ऑक्शन पोर्टल

एलडीए उपाध्यक्ष ने बताया कि ग्रुप हाउसिंग, व्यावसायिक और हॉस्पिटल उपयोग के सभी भूखंड शहर की अत्यंत प्राइम लोकेशन पर स्थित हैं। इन भूखंडों के ई-ऑक्शन के लिए 15 दिसंबर से एलडीए का पोर्टल खोला जाएगा। इच्छुक प्रतिभागी एलडीए की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से पंजीकरण कर ई-ऑक्शन प्रक्रिया में हिस्सा ले सकेंगे।


इसको भी पढ़ें : मोहन भागवत बोले—भारत के लिए जीने का समय है, मरने का नहीं

Join WhatsApp

Join Now

1 thought on “लखनऊ के प्राइम लोकेशन पर एलडीए का बड़ा ई-ऑक्शन, 1090 चौराहे और गोमती नगर विस्तार में ग्रुप हाउसिंग व हॉस्पिटल के भूखंड”

Leave a Reply