बोलता सच,बरेली : बरेली कैफे मामले में अब नर्सिंग कॉलेज में पढ़ने वाली छात्रा का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें उसने वायरल हो रहे कथित वीडियो को बेबुनियाद बताते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। छात्रा का कहना है कि सोशल मीडिया पर फैलाई गई अफवाहों की वजह से वह गहरे डिप्रेशन में चली गई है और उसने कॉलेज जाना भी बंद कर दिया है।
छात्रा ने एक न्यूज वेबसाइट से बातचीत में कहा कि बीते दो दिनों से वह मानसिक तनाव से गुजर रही है। उसने बताया कि वायरल वीडियो में यह दिखाया जा रहा है कि कैफे में दो मुस्लिम युवक और एक लड़की पकड़े गए, जबकि यह पूरी तरह गलत है। छात्रा के अनुसार, उस समय वहां उसके अन्य दोस्त भी मौजूद थे।
छात्रा ने कहा कि वह इस मानसिक आघात को सहन नहीं कर पा रही है। नर्सिंग की पढ़ाई कर रही छात्रा ने बताया कि फिलहाल वह कॉलेज नहीं जा रही है, क्योंकि उसे डर है कि रास्ते में लोग उसे घेर सकते हैं। उसने चिंता जताई कि कॉलेज लौटने पर शिक्षक और सहपाठी उससे सवाल करेंगे और वह क्या जवाब देगी।
भावुक होते हुए छात्रा ने कहा कि अगर वह कोई गलत कदम उठाती है तो इसकी जिम्मेदारी बजरंग दल के सदस्यों की होगी। उसने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से सवाल करते हुए कहा कि ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ का नारा दिया जाता है, लेकिन ऐसी घटनाओं में बेटी की सुरक्षा कहां है। छात्रा ने आरोप लगाया कि लव जिहाद के नाम पर बेवजह माहौल बनाया जा रहा है, जबकि कैफे में मौजूद सभी लोग उसके क्लासमेट थे और दोस्ती धर्म या जाति देखकर नहीं की जाती।
वीडियो सामने आने के बाद यह मामला और संवेदनशील हो गया है। फिलहाल प्रशासन और पुलिस की ओर से इस पर क्या कार्रवाई की जाएगी, इस पर सभी की नजर बनी हुई है।
इसको भी पढ़ें : आईआईटी कानपुर में बीटेक छात्र की दर्दनाक आत्महत्या, कमरे से सुसाइड नोट बरामद
➤ You May Also Like






















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































