घटना का विवरण
मामला कल्याणपुर थाना क्षेत्र के बारासिरोही इलाके का है। मृतक छात्र की पहचान वरुण सिंह यादव (पुत्र – अजेंद्र सिंह यादव) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, वरुण का शव घर से करीब तीन किलोमीटर दूर कल्याणपुर रेलवे ट्रैक के पिलर नंबर 124 के पास क्षत-विक्षत हालत में मिला।
इंस्टाग्राम पर किया आखिरी वीडियो पोस्ट
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार शाम वरुण कॉलेज से लौटने के बाद कुछ देर बाहर फास्ट फूड खाने गया था। रात करीब 8 बजे वह घर से यह कहकर निकला कि थोड़ी देर में वापस आ जाएगा। उसी रात करीब 10:40 बजे उसने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो अपलोड किया, जिसमें कहा—
“यह मेरी जिंदगी का आखिरी वीडियो है। मैं जिंदगी से ऊब चुका हूं और मैंने बहुत गलतियां की हैं। अब मैं सुसाइड करने जा रहा हूं।”
वीडियो देखने के बाद परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। बुधवार सुबह ट्रैक पर उसका शव मिलने की खबर से घर में कोहराम मच गया।
परिवार की स्थिति और पुलिस जांच
वरुण के पिता अजेंद्र सिंह यादव ने बताया कि उनके दो बेटे और एक बेटी हैं। उनकी पत्नी किरण का निधन 14 साल पहले हो चुका था। अजेंद्र ने कहा, “मैंने अपने बच्चों को बहुत मेहनत से पाला है, कभी नहीं सोचा था कि वरुण ऐसा कदम उठा लेगा।” परिवार ने किसी भी तरह के तनाव या विवाद से इनकार किया है।
वरुण के बड़े भाई आदित्य यादव ने बताया कि उसका व्यवहार सामान्य लग रहा था, और उसने कभी किसी परेशानी का जिक्र नहीं किया।
एडीसीपी वेस्ट के अनुसार, आत्महत्या की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
1 thought on “कानपुर में बीबीए छात्र ने ट्रेन से कटकर दी जान, इंस्टाग्राम पर लिखा—‘यह मेरी जिंदगी का आखिरी वीडियो है’”