Breaking News

बीसीसीआई का नया फरमान: विजय हजारे ट्रॉफी में खेलेंगे रोहित शर्मा और विराट कोहली

Bolta Sach News
|
BCCI's new order

बोलता सच,नई दिल्ली। साउथ अफ्रीका की टीम इन दिनों भारत दौरे पर है, जहां दोनों देशों के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज खेली जा रही है। इससे पहले भारत और साउथ अफ्रीका के बीच दो टेस्ट और तीन वनडे मैचों की सीरीज पूरी हो चुकी है। इसी बीच भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) को लेकर एक अहम खबर सामने आई है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बीसीसीआई ने भारतीय वाइट बॉल टीम के खिलाड़ियों को आगामी विजय हजारे ट्रॉफी में कम से कम दो मुकाबले खेलने का निर्देश दिया है। इस फैसले के तहत टीम इंडिया के सीनियर खिलाड़ी रोहित शर्मा और विराट कोहली भी घरेलू टूर्नामेंट में हिस्सा लेंगे।

24 दिसंबर से शुरू होगी विजय हजारे ट्रॉफी

विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 का आयोजन 24 दिसंबर 2025 से 18 जनवरी 2026 तक किया जाएगा। यह टूर्नामेंट एकदिवसीय प्रारूप में खेला जाता है और इसे भारत की प्रमुख घरेलू वनडे प्रतियोगिता माना जाता है।

मुंबई से रोहित, दिल्ली से विराट उतरेंगे मैदान में

वनडे फॉर्मेट में भारत के लिए खेल रहे रोहित शर्मा और विराट कोहली ने टूर्नामेंट के लिए अपनी उपलब्धता की जानकारी दे दी है। रोहित शर्मा मुंबई, जबकि विराट कोहली दिल्ली की ओर से खेलते नजर आएंगे। दोनों खिलाड़ी टेस्ट और टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं।

शानदार फॉर्म में हैं दोनों दिग्गज

रोहित शर्मा और विराट कोहली इस समय बेहतरीन फॉर्म में चल रहे हैं। हाल ही में साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में विराट कोहली ने दो शतक और एक अर्धशतक की बदौलत 300 से अधिक रन बनाए। वहीं रोहित शर्मा ने दो मैचों में अर्धशतक जड़े। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भी रोहित का बल्ला जमकर चला था, जबकि विराट ने अंतिम मुकाबले में अर्धशतकीय पारी खेली थी। बीसीसीआई का यह फैसला घरेलू क्रिकेट को मजबूती देने और सीनियर खिलाड़ियों को मैच प्रैक्टिस में बनाए रखने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।


इसको भी पढ़ें : नितिन नबीन बने बीजेपी के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष, बिहार को मिली बड़ी संगठनात्मक जिम्मेदारी

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply