Breaking News

पश्चिम बंगाल चुनाव से पहले अभिषेक बनर्जी का भाजपा पर तीखा हमला, कहा—सांप की तरह है बीजेपी

Bolta Sach News
|
Before the West Bengal elections
बोलता सच,कोलकाता/अलीपुरद्वार: पश्चिम बंगाल में इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। तृणमूल कांग्रेस और भाजपा के बीच जुबानी जंग लगातार बढ़ती जा रही है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे और टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है। शनिवार (3 जनवरी) को अलीपुरद्वार में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने भाजपा की तुलना सांप से कर दी।
अभिषेक बनर्जी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक सांप की तरह है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा, “अगर आप अपने आंगन में एक या अठारह सांप पालेंगे, तो आखिरकार वे आपको काटेंगे ही। इस बार के चुनाव में यह सुनिश्चित करें कि अलीपुरद्वार में कोई सांप न बचे।” उनके इस बयान को भाजपा पर सीधा सियासी हमला माना जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान टीएमसी सांसद ने भाजपा को चुनौती देते हुए कहा, “मैं भाजपा से दस गुना ज्यादा जिद्दी हूं। इस तरह के बर्ताव के आगे अंत में भाजपा को ही झुकना पड़ता है। आने वाले चुनावों में ईवीएम के जरिए उन्हें सबक सिखाने के लिए लाइन में खड़े हों।” उन्होंने यह भी कहा कि जो लोग संविधान बदलने की बात करते हैं, उन्हें सत्ता से हटाना जरूरी है।

चुनाव आयोग पर भी साधा निशाना

अभिषेक बनर्जी ने वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर चुनाव आयोग पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि योग्य मतदाताओं के नाम कथित तौर पर गलत तरीके से वोटर लिस्ट से हटाए जा रहे हैं। इसी मुद्दे पर उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर तंज कसते हुए उन्हें “वैनिश कुमार” बताया।
सभा को संबोधित करते हुए अभिषेक बनर्जी ने कहा, “क्या आप ज्ञानेश कुमार को जानते हैं? वह एक जादूगर हैं। वह जीवित लोगों को वोटर लिस्ट से गायब कर सकते हैं और मरे हुए लोगों को जिंदा कर सकते हैं। अब वह ‘वैनिश कुमार’ बन गए हैं।”
उन्होंने एसआईआर प्रक्रिया की तुलना नोटबंदी से करते हुए आरोप लगाया कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार लोगों को गुमराह कर रही है। अभिषेक बनर्जी के इन बयानों के बाद पश्चिम बंगाल की राजनीति में बयानबाजी और तेज होने के आसार हैं।

इसको भी पढ़ें : सीएम योगी के निर्देश पर 24 घंटे में मिला न्याय, भूमाफियों से मुक्त हुआ मेजर की बेटी का करोड़ों का मकान

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply